बस्ती में यूक्रेन का जिक्र कर PM ने विपक्ष पर किया वार, बोले- भारत का ये पराक्रम परिवारवादियों को पसंद नहीं है
बस्ती, 27 फरवरी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बस्ती में एक जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। पीएम ने कहा कि आज 5वें चरण का मतदान हो रहा है। आज का मतदान यूपी में भाजपा-एनडीए की प्रचंड बहुमत वाली सरकार पर एक और ठप्पा लगाने वाला है। उन्होंने कहा कि यूपी को दंगामुक्त बनाने के लिए, गुंडामुक्त बनाए रखने के लिए, यूपी के विकास के लिए, लोगों का भरपूर आशीर्वाद हमें मिल रहा है।
Recommended Video

पीएम ने कहा - ऑपरेशन गंगा चलाकर हम यूक्रेन से भी हजारों भारतीयों को वापस ला रहे हैं
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ऑपरेशन गंगा चलाकर हम यूक्रेन से भी हजारों भारतीयों को वापस ला रहे हैं। हमारे जो बेटे-बेटी अभी भी वहां हैं उन्हें पूरी सुरक्षा के साथ अपने घर पहुंचाने के लिए सरकार दिन-रात काम कर रही है। मोदी ने कहा कि भारत का ये पराक्रम दिल्ली और यूपी में बैठे कुछ घोर परिवारवादियों को पसंद नहीं आता। ये लोग आज भी हमारी सेनाओं से सबूत मांगते हैं, उनके सामर्थ्य पर विश्वास नहीं करते इसलिए ऐसे लोगों से यूपी की जनता को बहुत सतर्क रहना है।
पीएम ने कहा- परिवारवादी देश को कभी मजबूत नहीं कर सकते
पीएम मोदी ने कहा कि आज चंद्रशेखर आजाद के बलिदान दिवस पर देश अपने सपूत को याद कर रहा है। कल बालाकोट एयरस्ट्राइक के तीन साल पूरे होने पर देश ने अपनी वायुसेना के पराक्रम को भी याद किया। हमारे शूरवीरों ने देश को चुनौती देने वालों को उनके घर में ही घुसकर मारा था। जो लोग देश की सेनाओं की जरूरत को हमेशा नजरअंदाज करते रहे, वो परिवारवादी देश को मजबूत नहीं कर सकते। जिन लोगों का दिल, देश में बम धमाके करने वाले आतंकियों के लिए धड़कता है, वो कभी देश को सशक्त नहीं बनाएंगे।
'गरीब की हाय ने परिवारवादियों को पटक दिया'
उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों की जो नीतियां थीं उन्होंने विदेश से सामान मंगाने पर ही जोर दिया। इन लोगों को भारत का दूसरे देशों पर निर्भर बने रहना अच्छा लगता है। इन्हें सिर्फ कमीशन नजर आता है। इसलिए ये लोग कभी आत्मनिर्भर भारत की बात नहीं करते। कबीर जी घोर परिवारवादियों के लिए बहुत पहले कह गए थे। दुर्बल को न सताइए, जाकी मोटी हाय। गरीब की इसी हाय ने 2014 में इन्हें झटक दिया, 2017 में पटक दिया और 2019 में साफ कर दिया। अब 2022 में तो इन्हें अपनी ही सीट बचाने के लाले पड़ गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications