'सिंघम स्टाइल' में स्वाट टीम ने बनवाया वीडियो, सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सभी लाइन हाजिर
बस्ती। यूपी पुलिस को अब सिंघम बनने का शौक लगा है, इस शौक के चक्कर में स्वाट टीम को ही एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया। दरअसल, स्वाट टीम प्रभारी ने एक वीडियो बनवाया था, जिसमें वह हाथ में पिस्टल लेकर टीम के साथ बाग में फिल्मी अंदाज में टहलते दिख रहे हैं। स्वाट टीम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल के बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया था। जिसके बाद एसपी ने कार्रवाई करते हुए मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

बैकग्राउंड में चल रहा है पंजाबी गाना
जानकारी के मुताबिक, बस्ती के स्वाट प्रभारी विक्रम सिंह और उनकी टीम का वीडियो बड़ी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में स्वाट प्रभारी अपनी टीम के साथ सादा कपड़ों में और साथी हाथ में पिस्टल लेकर फिल्मी अंदाज में नजर आ रहे हैं और बैकग्राउंड में पंजाबी गाना चल रहा है। वीडियो को देखकर ऐसा लग रहा है कि इसे खुद उनके द्वारा तैयार कराया गया है। पुलिस अफ़सरों में मानो एनकांउटर स्पेशलिस्ट बनने की होड़ सी लग गई है।

यूपी पुलिस का फिल्मी अंदाज
वीडियो को पूरी तरह से फिल्मी टच दिया गया है। इसमें स्वॉट टीम प्रभारी हाथों में पिस्टल लिए हुए अपने चार सहयोगियों को निर्देश दे रहे हैं। इस दौरान उनकी टीम के एक शख्स के हाथ में एके-47 नजर आती है जबकि तीन अन्य के पास पिस्टल दिख रही है। बता दें कि इस वीडियो को स्वाट टीम प्रभारी विक्रम सिंह अपने फेसबुक प्रोफाइल पर लगाया है।

एसपी ने किया स्वाट टीम को भंग
बस्ती के एसपी पंकज सिंह ने बताया कि स्वाट टीम को भंग करते हुए विडियो में दिख रहे सभी लोगों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। यही नहीं, मामले में जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं। विक्रम सिंह नाम के फेसबुक अकाउंट से 28 फरवरी 2012 को एक तस्वीर शेयर की गई है।













Click it and Unblock the Notifications