कर्नाटक: बाइक सवार बदमाशों ने हिंदू कार्यकर्ता पर किया हमला, हिंदू विरोधी नारे भी लगाए
कर्नाटक के शिवमोग्गा जिले में सोमवार को एक हिंदू कार्यकर्ता पर बाइक सवार 3 अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। इस दौरान बदमाशों ने कार्यकर्ता को जान से मारने के प्रयास में पत्थर और बोल्डर से हमला किया। साथ ही बदमाशों ने हिंदुओं के खिलाफ नारा भी लगाया। कार्यकर्ता पर हमला भ्रामप्पा लेआउट के पास रात के करीब 11 बजे हुआ।

घटना के संबंध में बात करते हुए शिवमोग्गा के पुलिस अधीक्षक जीके मिथुन कुमार ने कहा कि प्रकाश रात में जब घर लौट रहा था, तभी तीन बाइक सवार अपराधियों ने हिंदू समुदाय के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हमला कर दिया। सिर में चोट लगने की वजह से प्रकाश गिर गया और उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं, प्रकाश का इलाज करने वाले डॉक्टरों की मानें तो वह अब खतरे से बाहर है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने तीन टीमों का गठन किया गया है। पुलिस के मुताबिक फरवरी में मारे गए कार्यकर्ता हर्ष के एंगल से भी इस मामले की जांच की जा रही है।
फिलहाल, प्रकाश का शिवमोग्गा के मैकगैन अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि प्रकाश पर हमला करने से कुछ मिनट पहले तीन बाइक पर नौ लोगों को सीगेहट्टी में हिंदू समुदाय के खिलाफ नारे लगाते देखा गया था।
इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी घटनास्थल का दौरा कर चुके हैं। साथ ही एहतियात के तौर पर जिला प्रशासन ने सीगेहट्टी, भ्रामरप्पा लेआउट और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। साथ ही आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
ये भी पढ़ें- ऋषि सुनक के पीएम बनने पर कपिल मिश्रा बोले- एक हिंदू इंग्लैंड का पीएम बन रहा, लोग पूछने लगे ये सवाल












Click it and Unblock the Notifications