570 साल पुरानी इस नगरी में कई राज हैं दफन! जानिए बलरामपुर और जनवार राजवंश का गौरवशाली इतिहास
इस लेख में जनवार राजवंश के 570 साल पुराने कहानी किस्से, रामगढ़ गौरी से कैसे बना बलरामपुर, किस किस राजा ने किया राज, किसने बंद कराई बली जैसी कुप्रथा, कैसे लगीं चीनी मिलें और कैसे आई यहां पहली रेलगाड़ी, जानिये पूरा इतिहास!

आज हम उस जिले की बात कर रहे हैं, जहां पर 51 शक्तिपीठों में से एक देवीपाटन मंदिर जिला मुख्यालय से 27 किलोमीटर दूर पर स्थित है, जहां पर चैत्र माह में भव्य मेले का आयोजन होता है। जिसको राज्य सरकार ने राजकीय मेला घोषित किया है और इस शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर के संरक्षक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं। इसीलिए बलरामपुर जिले को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दूसरा गृह जनपद भी कहा जाता है, अब हम आपको बताएंगे बलरामपुर जिले के शक्तिशाली जनवार राजवंश का गौरवशाली इतिहास क्या हैं।
1997 को बलरामपुर गोंडा से हुआ अलग
उत्तर में हिमालय की शिवालिक पर्वतमाला के निकट तराई क्षेत्र में जनवार क्षत्रिय राजा माधव सिंह ने 570 साल पहले बलरामपुर नगर की स्थापना की थी। देवी पाटन मंडल के इस जिले में अब जो क्षेत्र है, वह प्राचीन समय में कोसल और इकौना राज्य का एक हिस्सा था। मध्यकालीन युग में यह क्षेत्र मुगल शासन के दौरान अवध सुबाह की बहराइच सरकार व फरवरी 1856 में ब्रिटिश सरकार के आदेश से अवध शासक के नियंत्रण में आ गया। बाद में अंग्रेज सरकार द्वारा जब गोंडा को बहराइच से अलग किया गया तो बलरामपुर को गोंडा जनपद में शामिल किया गया। स्थापना के 547 वर्ष बाद 25 मई 1997 को बलरामपुर को गोंडा से अलग करके जिले का दर्जा प्रदान किया गया। यहां जनता के लिए स्कूल, अस्पताल, सिंचाई, बिजली, रेल, चीनी मिल आदि का इंतजाम करने के साथ यहां बड़ा व्यापारिक ढांचा खड़ा करने में राजघराने का पूरा योगदान था।

जिले के जनवार राजवंश का गौरवशाली इतिहास क्या है?
वहीं जानकार बताते हैं कि सम्वत् 1325 विक्रमी अर्थात 1268 ई0 में गुजरात के जनवाड़ा क्षेत्र से आए राजपूत बरियार शाह द्वारा इकौना में राज्य स्थापित किया गया। वे इकौना (प्राचीन नाम खानपुर महादेव) में दुर्ग बनाकर राज प्रबन्ध करने लगे। उन्होंने 1269 से 1305 ई. तक राज किया। उसके पश्चात उनके पुत्र राजा अचल देव ने 1305 से 1321ई. तक, उनके पुत्र राजा धीरशाह सन् 1321 तक, उनके पुत्र राजा राम शाह ने सन् 1363 से 1388 ई. तक, इनके पुत्र राजा विष्णु शाह ने सन् 1388 से 1404 ई. तक, उनके पुत्र राजा गंगा सिंह ने सन् 1404 से 1439 ई0 तक ने गद्दी संभाली।

राजा माधव सिंह
उनकी मृत्यु के बाद राजा माधव सिंह वर्ष 1439 में गद्दी पर बैठे। इनके समय में इकौना राज की पूर्वी सीमा पर स्थित रामगढ़ गौरी परगने के तत्कालीन भू स्वामी खेमू चौधरी द्वारा इकौना राज में विगत कई वर्षों से चौधर (कर) अदा न करने के कारण राजा माधव सिंह ने खेमू चौधरी पर चढ़ाई कर दी। खेमू चौधरी से हुए संघर्ष में राजा माधव सिंह के द्वितीय पुत्र बलराम शाह अल्पायु में ही मारे गए थे। राजा माधव सिंह ने उसे पराजित करके अधीन कर लिया। सन् 1480 में राजा माधव सिंह के मृत्यु के उपरान्त उनके पुत्र राजा कल्याण शाह ने 1480 से 1500 ई. तक तथा उनके पुत्र राजा प्राण चन्द्र ने सन् 1500 से 1546 ई. तक शासन किया।
उनकी मृत्यु के बाद 1546 से 1600 ई0 तक राजा तेज शाह ने तथा सन् 1600 से 1645 तक राजा हरिवंश सिंह ने राज किया। राजा हरिवंश सिंह की मृत्यु पर ज्येष्ठ पुत्र छत्र सिंह ने सन् 1645 से 1695 ई. तक राज किया। उनके तीन पुत्रों में राजा नारायण सिंह को राज मिला। पिता राजा नारायण सिंह के निधन के बाद 1737 से 1781 तक राजा पृथ्वीपाल सिंह, 1781 से 1817 तक राजा नौसेना सिंह, 1817-1830 तक राजा अर्जुन सिंह, 1830 से 1836 तक राजा जय नारायण सिंह ने शासन किया। उनके मृत्योपरान्त उनके पुत्र दिग्विजय सिंह ने 1836 से 1882 तक शासन किया।

पुत्री बली की कुप्रथा
वहीं जानकार बताते हैं कि पूरे अवध में तत्कालीन छत्रिय जाति में पुत्री बली की कुप्रथा पर चली थी, जिसे बलरामपुर के तत्कालीन महाराजा दिग्विजय सिंह ने बंद कराया था। महाराजा दिग्विजय सिंह निःसंतान थे इसलिए उनकी मृत्यु के बाद 30 जून 1882 ई. को बड़ी महारानी इन्द्र कुवंरि ने राज का कार्य भार देखते हुए 08 नवम्बर 1883 ई0 को ज्योनार गांव के अपने खानदान के ही एक बालक उदित नारायण सिंह को गोद लिया, जिनका नाम भगवती प्रसाद सिंह रखा गया। भगवती प्रसाद सिंह ने 1893 में सत्ता संभाला और 1921 तक शासन किया। उनके बाद महाराजा पाटेश्वरी प्रसाद सिंह ने 1921 से 1964 तक राजकाज संभाला। महाराजा पाटेश्वरी प्रसाद सिंह के निधन के बाद महारानी राजलक्ष्मी कुमारी देवी के दत्तक पुत्र महाराजा धर्मेन्द्र प्रसाद सिंह ने 1964 में राज्य की बागडोर संभाली। उनकी मृत्योपरान्त वर्तमान महाराजा जयेन्द्र प्रसाद सिंह ने 30 जनवरी 2020 को कार्यभार संभाला। परिवार के सदस्य इन्हें ‘बाबा राजा' कह कर पुकारते थे।

वर्तमान में बलरामपुर राजा का मुकुट जयेंद्र प्रताप सिंह धारण करते हैं
वही महाराजा जयेन्द्र प्रसाद सिंह की मौत के बाद महाराजा धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बलरामपुर रियासत का मुकुट धारण किया। 60 वर्ष की उम्र में बलरामपुर के महाराजा धर्मेंद्र प्रताप सिंह की दिल का दौरा पड़ने के कारण लखनऊ में निधन हो गया, जिसके बाद उनके अंतिम दर्शन में कई बड़ी राजनीतिक हस्तियां शामिल हुई। वही महाराजा धर्मेंद्र प्रताप सिंह की मृत्यु के बाद महाराजा धर्मेंद्र सिंह के इकलौते पुत्र जयेंद्र प्रताप सिंह को उत्तराधिकारी घोषित किया गया और वर्तमान में बलरामपुर राजा का मुकुट जयेंद्र प्रताप सिंह धारण करते हैं और बलरामपुर जिले के नील बाग पैलेस में अपने परिवार के साथ रहते हैं।

इंजन के ऊपर बैठ कर आए थे राजा साहब !
बलरामपुर जिले में विद्युत व्यवस्था व रेल लाइन के लिए बलरामपुर राज्य परिवार की एक अहम भूमिका है। राज परिवार ने सन् 1930-31 में बलरामपुर में राज्य इलेक्ट्रिक कम्पनी बनाकर थर्मल पावर प्लान्ट स्थापित किया। इससे बलरामपुर, गोंडा और बहराइच को विद्युत आपूर्ति की जाती थी। यह थर्मल पावर उत्तर पूर्व रेलवे और सिंचाई कार्य के लिए प्रदेश सरकार को बिजली देता था। यहां का अपना इंजीनियरिंग विभाग भी था, जो निर्माण कार्यों को सम्पन्न कराता था।
गोंडा से बलरामपुर रेल लाइन बनवाने में राजघराने का बहुत बड़ा योगदान था। बताते हैं कि जब इस मार्ग पर पहली रेल गाड़ी चली तो इन्जन के अगले भाग में लगे सिंहासन पर बैठ कर तत्कालीन महाराजा भगवती प्रसाद सिंह गोंडा से बलरामपुर आए थे।

बलरामपुर जिले का नाम रोशन कर रहा है बलरामपुर अस्पताल
वहीं जानकार बताते हैं कि महाराजा पाटेश्वरी प्रसाद सिंह ने 22 मार्च 1937 को राज्य का शासन प्रबन्ध संभाला तो नगर में केवल दो चिकित्सालय थे। ग्रामीण जनता की कठिनाई देखते हुए आपने 21 अस्पताल ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित किए थे। ये अस्पताल आज तक रियासत की बिल्डिंग में कार्यरत हैं। अस्पताल बन्द न होने पाए इसके लिए एमपीपी ‘ट्रस्ट फार आउट पेशंट महारानी इन्द्रकुंवरि महिला चिकित्सालय, प्रसूति एवं बाल कल्याण विभाग तथा एमपीपी ट्रस्ट फार "वॉ" एक्स-रे डिपार्टमेन्ट बनाए गए। सीतापुर नेत्र चिकित्सालय की नीव बलरामपुर राज द्वारा ही रखी गई और उसकी पर्याप्त धन से सहायता भी की जाती है। मेडिकल कालेज लखनऊ और प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्थित बलरामपुर अस्पताल आज भी बलरामपुर का नाम रोशन किए हुए हैं। वर्ष 1869 में बलरामपुर राज की जमीन एवं 2 लाख रूपये लगाकर महाराजा दिग्विजय सिंह ने इसकी स्थापना की थी। ग्रामीण जनता के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में 21 अस्पताल स्थापित कराए गए जो जनता के लिए आज भी समर्पित है।

राज परिवार ने बनाया कृषि फार्म और शुरु की चकबंदी
बलरामपुर रियासत ने डेयरी विभाग के माध्यम से कई माडल फार्म स्थापित किए गए, जिसमें महराजगंज जयप्रभा ग्राम, सिरसिया कृषि फार्म तथा तुलसीपुर राजमहल के निकट पैड़ी का फार्म होता था। कृषि को बढ़ावा देने के लिए विदेशों से कृषि वैज्ञानिकों को बुलाया जाता और उनकी तकनीक अपनाई जाती। फसल को जंगली जानवर से बचाने के लिए तीन फुट गहरी तथा तीन फुट ऊपर कुल छह फुट की ऊंचाई की 34 मील लम्बी खाई बांधकर उस पर अइल की सघन झाड़ी लगाने में लाखों रुपये व्यय किए। कृषि में सुधार लाने के उद्देश्य से उन्होंने सन् 1937 में अपने राज्य में चकबन्दी शुरू कराई। प्रदेश में चकबन्दी का यह प्रथम सूत्रपात था।

जिले में लगवाए गए सात सौ नलकूप
बलरामपुर राज द्वारा जब सन् 1930-31 में थर्मल पावर स्थापित हो गया तो सिंचाई व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए नलकूपों की स्थापना की जाने लगी। सन् 1930-35 के बीच बलरामपुर राज्य में सिंचाई हेतु नलकूपों का जाल बिछा दिया गया। जबकि प्रदेश के अन्य क्षेत्रों से नलकूपों का कहीं नामोनिशान तक न था। अमेरिकी इंजीनियर फ्र्रेकलिंक ने राज्य का सर्वे करके रिपोर्ट दी, जिसके अनुसार सात सौ नलकूप लगाए गए। राप्ती के उत्तरी-पूर्वी क्षेत्र में जहाँ नलकूप लगाना सम्भव नहीं था। वहां सिचाई के लिए बाँध बनाकर सरोवर तैयार किए गए। इनमें कोहरगड्डी विषेश रूप से उल्लेखनीय है। नौ मील के घेरे में स्थित इस सरोवर की क्षमता 442 मिलियन घनफिट तथा इससे 8075 एकड़ भूमि की सिंचाई हो सकती है। गनेशपुर, भगवानपुर तथा मोतीपुर बसेहवा भी अच्छे कुण्ड है। रेतवागढ़, राजधाट और पिपरा की नहरें भी खुदवाई गईं।

बलरामपुर जिले को क्यों कहा जाता है शिक्षा का छोटा काशी
शिक्षा के क्षेत्र में बलरामपुर को काशी के बाद जाना जाता था। लोग इसे छोटी काशी भी कहते थे। बलरामपुर में छात्र छात्राओं के लिए अलग-अलग शैक्षिक संस्थानों की स्थापना की गई। यह शेैक्षिक संस्थाएं अबाध गति से चलती रहे इसके लिए महाराजा पाटेश्वरी प्रसाद सिंह ट्रस्ट की स्थापना 1951 में की गई। इस मुख्य ट्रस्ट के अधीन 12 छोटे छोटे ट्रस्ट हैं, जिनमें शैक्षिक विकास के लिए एमपीपी ट्रस्ट फार महारानी लाल कुवंरि महाविद्यालय, एमपीपी ट्रस्ट फार हाईस्कूल (इण्टर) (वर्तमान एमपीपी इण्टर कालेज का नाम पूर्व में लायल कालेजिएट जूनियर हाईस्कूल था), एमपीपी ट्रस्ट फार गर्ल्स जूनियर स्कूल, एमपीपी ट्रस्ट फार देवेन्द्र बालिका विद्यालय, एमपीपी ट्रस्ट फार डीएवी कालेज एवं बलरामपुर ओेैर तुलसीपुर की संस्कृत पाठशालाएं आज भी कार्यरत है। महाराजा ने कैंनिंग कालेज लखनऊ को तीन लाख रूपये, लखनऊ विश्वविद्यालय को चार लाख, लखनऊ मेडिकल कालेज को तीन लाख, इलाहाबाद यूनिवर्सिटी को चार लाख, लखनऊ मेडिकल कालेज को तीन लाख तथा मैकडानल्ड छात्रावास प्रयाग को तीस हजार दान दिए थे।

बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय की नौ मील लम्बी चारदीवारी का निर्माण कराया
करोड़ों की सम्पत्ति सिटी पैलेस को बलरामपुर डिग्री कालेज को दान स्वरूप देकर राज परिवार की शैक्षिक विकास हेतु यह एक अनुपम भेंट है। इसके अलावा महाराजा ने दस लाख रूपये व्यय कर काशी अब बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय की नौ मील लम्बी चारदीवारी का निर्माण कराया। जिसकी लागत उस समय लगभग 10 लाख रुपए थी।
Recommended Video


शिक्षा की नई क्रांति लाई गई
वही बलरामपुर जिले में स्थित महारानी लाल कुंवर महाविद्यालय को आज भी तराई का ऑक्सफोर्ड कहा जाता है। जिसमें पढ़े हुए बच्चे देश-विदेश में नाम रोशन कर रहे हैं। जिले में राज परिवार के द्वारा स्थापित कई स्कूल कॉलेज आज भी संचालित हैं। बलरामपुर के छात्र छात्राओं को पढ़ने के लिए जिले से बाहर जाना पड़ता था। उन छात्र-छात्राओं को बलरामपुर राज परिवार के द्वारा जिले में कई कॉलेज व स्कूलों की स्थापना कर जिले में शिक्षा की नई क्रांति लाई गई, जो आज भी परंपरागत तरीके से चल रही है।

जिले में दो चीनी मिल, तीन आलीशान होटल राज परिवार की देन
किसानों को नकदी फसल के रुप में गन्ना उत्पादन का लाभ दिलाने और क्षेत्र के औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए राज परिवार ने चीनी मिल लगाने वाली इंग्लैण्ड की इंजीनियरिंग कम्पनी बेक एण्ड सदरलैण्ड कम्पनी के साथ मिलकर सन 1932-33 में बलरामपुर और तुलसीपुर बाजार में चीनी मिलों की स्थापना की। इनके 51 प्रतिशत का स्वामित्व महाराजा तथा शेष 49 प्रतिशत स्थानीय लोगों के पास था। इन चीनी मिलों का संचालन वही कम्पनी करती थी। संचालन की समस्या हुई तब महाराजा ने मिलों को उद्योगपतियों के हाथ बेंच दिया।

कई फिल्मों की हो चुकी है शूटिंग
महाराजा धर्मेन्द्र प्रसाद सिंह ने बाहर से आने वाले पर्यटकों और जिले के लोगों की सुविधा के लिए बलरामपुर हाउस, नैनीताल, महामाया होटल की स्थापना की। जिले में स्थित माया होटल व अन्य बनवाए गए। आलीशान मकान में कई मूवी भी शूट हो चुकी हैं। आज के आधुनिक युग में यह पुराने मकान आधुनिक तरीके से बनाए गए आलीशान मकानों को टक्कर दे रहे हैं।

राज परिवार के द्वारा बनवाया गया विशाल वन सम्पदा, प्राणि उद्यान चर्चा का विषय
जमींदारी उन्मूलन तक बलरामपुर राज्य के अर्न्तगत 72 हजार हेक्टेयर प्राकृतिक वन तथा 20 हजार एकड़ आरोपित वन थे। इसके अतिरिक्त 40 लाख फुटकर पेड़ थे। यहां के बनकटवा क्षेत्र में पहले काले शीशम के वृक्ष होते थे, जिसकी मांग देश के सुदूर क्षेत्रों में होती थीं। शहर में स्थित आनन्द बाग ज्योति टाकीज और कोल्ड स्टोरेज के निकट का वास्तविक नाम आनन्द बाग जू था। इसमें चीता, हिरन आदि के अलावा बहुत तरह के पशु-पक्षी थे। जिन्हें बाद में लखनऊ चिड़ियाघर को दे दिया गया।

बलरामपुर को छोटी अयोध्या भी कहा जाता था
बलरामपुर को शिक्षा के क्षेत्र में यदि छोटी काशी की संज्ञा दी जाती थी तो छोटे-बड़े तमाम मन्दिरों के कारण इसे छोटी अयोध्या भी कहा जाता था। बलरामपुर शिवालयों, मंदिरों एवं जलाशयों का नगर है। नील बाग कोठी के पास राधाकृष्ण मन्दिर और सिटी पैलेस के भीतर का पूजा गृह और मंदिर, तुलसीपुर में देवी का स्थान, बलरामपुर में बड़ा ठाकुरद्वारा आदि अनेक मन्दिर बलरामपुर राजवंश की धार्मिक मनोवृत्ति के द्योतक है। शिवालयों के शिखर बलरामपुर को अयोध्या एवं मथुरा की तरह तीर्थ का स्वरूप देते हैं।

आइए जानते हैं बलरामपुर में स्थित प्राचीन मंदिर बिजलीपुर का इतिहास
बिजलीपुर माता मंदिर के महंत दयानंद भारतीय बताते हैं कि बलरामपुर जिले के सिसई घाट पर स्थित बिजलीपुर मंदिर में बहुत समय पहले एक संत हुआ करते थे। महंत जय जय राम भारती जो अपने तपोबल से देवीपाटन मंदिर दर्शन के लिए जाया करते थे। तभी राप्ती नदी पार करते समय माता ने महात्मा को दर्शन दिया और उन्होंने कहा कि आप यहीं पर अपना एक स्थान बना लीजिए और दर्शन कीजिए। फिर संत जय जय राम भारती ने माताजी से इच्छा जताई कि आप अपना एक स्वरूप हमको दे दीजिए, जिसका मैं दर्शन करता रहूंगा।

बिजली गिरी और बन गया मंदिर !
माताजी ने महंत की बात मानते हुए कहा कि अभी कुछ देर बाद जहां पर बिजली गिरेगी वही मेरा स्थान होगा। तभी भारी गड़गड़ाहट के बीच सिसई घाट के बगल में बिजली गिरी जिसकी जानकारी तत्कालीन बलरामपुर के महाराजा दिग्विजय सिंह को मिली। उन्होंने अपने दरबारियों को भेजकर महंत जी से मंदिर निर्माण की इच्छा जताई महाराजा दिग्विजय सिंह के द्वारा बिजली पुर माता मंदिर निर्माण कराया गया। इसी बीच उनका देहांत हो गया। उसके बाद में उनके उत्तराधिकारी के द्वारा मंदिर निर्माण को पूरा कराया गया। सबसे बड़ी बात यह है कि इस मंदिर में कोई मूर्ति पूजा नहीं होती है। यहां पर यंत्र की पूजा की जाती है। इसी में माताजी का स्वरूप मानकर लोग यहां पर पूजा अर्चना करते हैं।

आखिर राज परिवार ने क्यों दान कर दी आपने राज्य की 80 लाख की सम्पत्ति
बलरामपुर इतिहास के अनुसार श्रावस्ती के चीन मंदिर और एक धर्मशाला भी इसी रियासत ने बनवाई थी। गांधी दर्शन के अध्ययन, प्रचार हेतु आर्थिक सहयोग तथा श्रावस्ती आश्रम निधि को राजपरिवार द्वारा पांच सौ बीघे जमीन दिया गया। मोती लाल स्मारक समिति भवन के लिए महाराजा बलरामपुर ने अपनी पूरी सम्पत्ति मुफ्त में ही दे दी। महारानी जयपाल कुंवरि प्रिवी कंउसिल के निर्णय के अनुसार मिलने वाला वार्षिक 25 हजार रूपये भी विद्या प्रचार, धार्मिक एवं सामाजिक कल्याण के कार्याे में लगातीं थीं। महाराजा भगवती प्रसाद सिंह ने अपने कार्यकाल में 60 लाख रूपये सार्वजनिक संस्थाओं को दान में दिए थे। 9 जून 1957 को महाराजा पाटेश्वरी प्रसाद सिंह ने "धर्म कार्य निधि" नाम से एक अन्य चेरिटेबिल ट्रस्ट की स्थापना करके अपने राज्य की लगभग 80 लाख की सम्पत्ति इस ट्रस्ट में निहित कर दी थी।












Click it and Unblock the Notifications