बागपत: महिला प्रधान के घर में घुसकर लाठी-डंडों से किया हमला, जेठ की गोली मारकर हत्या
बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में शनिवार को गाड़ी खड़ी करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष के कुछ लोगों ने महिला प्रधान के घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग में महिला प्रधान के जेठ की गोली लगने से मौत हो गई। जबकि दो भाइयों को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से गांव में दहशत फैल गई है।

मामला बागपत जिले के थाना कोतवाली के गांव निवाड़ा का है। जानकारी के मुताबिक, निवाड़ा गांव की प्रधान जुलेखा के परिवार की गांव के पूर्व प्रधान से पुरानी चुनावी रंजिश चली आ रही है। शनिवार की सुबह प्रधान का परिवार अपने मकान में बैठा हुआ था। आरोप है कि रंजिश रखने वाले व्यक्ति ने अपने साथियों के साथ प्रधान के घर में घुसकर हमला कर दिया। आरोपितों ने तमंचे से गोली मारकर प्रधान जुलेखा के जेठ 45 वर्षीय निसार की हत्या कर दी। इसके अलावा लाठी डंडों से पीटकर महकार व अंगूर को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
आरोपित घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। गांव में प्रधान के जेठ की हत्या होने से दहशत फैल गई। परिजनों ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रधान के जेठ के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। जिला अस्पताल में एएसपी अनिल सिंह सिसौदिया पहुंचे और परिजनों से मामले की जानकारी हासिल की। उधर, प्रधान पक्ष का आरोप है कि रंजिश रखने वालों के हमला करने की सूचना पुलिस को दी गई थी। सूचना पर पुलिस गांव में पहुंच गई थी, लेकिन आरोपितों को पकड़ने में नाकाम रही।
तहरीर मिलने पर केस होगा दर्ज
उधर, गांव में मातम छा गया। प्रधान के जेठ के परिजनों में कोहराम मचा है। एसपी प्रताप गोपेन्द्र यादव ने बताया कि तहरीर मिलने पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस पर लगाए गए आरोपों की भी जांच कराई जाएगी।
ये भी पढ़ें:- औरैया हादसे पर बोलीं प्रियंका गांधी- सबकुछ देख के अनजान बनी हुई है सरकार












Click it and Unblock the Notifications