फांसी का खौफ- पूरी रात सो नहीं सका यासिन भटकल
पटना। बिहार-नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार किए गए इंडियन मुजाहिदीन के सह-संस्थापक यासीन भटकल की रात बेचैनियों में बीती और वह पूरी रात सो नहीं पाया। जाहिर है भटकल पर अभी से ही फांसी का खौफ मंडराने लगा है। उसे जिस बैरक में रखा गया है, वहां चारों तरफ कड़ी सुरक्षा के अंतजाम किये हैं। अधिकारियों ने बताया कि 12 राज्यों की पुलिस को देश के विभिन्न हिस्सों में हुए विस्फोटों और आतंकवादी गतिविधियों के संबंध में पांच सालों से उसकी तलाश थी। उसे उसके साथी असदुल्ला अख्तर के साथ गिरफ्तार किया गया।
दोनों को पूरी रात नींद नहीं आई और शुक्रवार तड़के राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के दस्ते ने दोनों से पूछताछ शुरू कर दी। बिहार की एक अदालत ने गुरुवार को ही दोनों को तीन दिनों के ट्रांजिट रिमांड एनआईए को दे दिया है, लिहाजा दोनों को विशेष विमान से दिल्ली ले जाया जाएगा।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों आतंकी भले ही रात भर सो नहीं सके, लेकिन खाना पेट भरके खाया और ढेर सारा पानी भी पिया। हालांकि दोनों एक दूसरे से बात बहुत कम कर रहे हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि भटकल, अख्तर की अपेक्षा ज्यादा बेचैन था।
पुलिस अधिकारी ने कहा, "एनआईए के अधिकारियों की एक टीम ने पटना के अति सुरक्षित बिहार मिलिट्री पुलिस के शिविर में भटकल और अख्तर के रात बिताने के बाद शुक्रवार तड़के उनसे पूछताछ की।" उन्होंने कहा कि दोनों को पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी से यहां लाया गया और उन्हें अब दिल्ली ले जाया जाएगा।













Click it and Unblock the Notifications