ईद के दिन पाक में गोलीबारी, 9 की मौत, 22 घायल
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिम क्वेटा शहर में एक मस्जिद से निकल रहे लोगों पर शुक्रवार सुबह बंदूकधारियों ने अंधाधुंध गोलाबारी की, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई और 22 अन्य घायल हो गए। यह जानकारी अधिकारियों ने दी है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक पुलिस अधीक्षक सरयाब बशीर ने बताया कि यह घटना क्वेटा में सुबह लगभग 7.20 बजे हुई।
मस्जिद से ईद की नमाज अदा कर बाहर आ रहे लोगों पर बंदूकधारियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। बशीर ने कहा कि लगभग आठ आतंकवादियों ने दो विभिन्न दिशाओं से गोलीबारी की और बाद में वहां से फरार हो गए। इसी शहर में एक दिन पहले एक पुलिस अधिकारी के अंतिम संस्कार में शामिल हुए लोगों को निशाना बनाकर किए गए विस्फोट में तीन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों सहित 38 लोगों की मौत हो गई थी।

स्थानीय मीडिया के अनुसार पांच लोगों की मौत इलाज के दौरान अस्पताल में हुई। वहां अभी भी 22 घायलों का इलाज चल रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार तीन घायलों की स्थिति चिंताजनक है, लिहाजा मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। स्थानीय मीडिया का दावा है कि घटना निजी दुश्मनी का परिणाम है और इसका प्रमुख निशाना पूर्व प्रांतीय मंत्री अली मदाद जट्टक थे, लेकिन वह बेदाग बच गए, लेकिन इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। अभी तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब ईद को लेकर पूरे पाकिस्तान में हाई अलर्ट है।












Click it and Unblock the Notifications