कार्टून किरदारों वाली पिचकारियों की धूम
लखनऊ। रंगों के त्योहार होली से पहले पिचकारियों का बाजार सज गया है। बाजार में एक से बढ़कर एक पिचकारियों की भरमार है। लेकिन लखनऊ के बाजारों में सबसे ज्यादा बिक्री लोकप्रिय कार्टून किरदार और हॉलीवुड के सुपरहीरो वाली पिचकारियों की हो रही है। यहां सबसे ज्यादा मांग सुपरहीरो- स्पाइडरमैन, बैटमैन, शक्तिमान और कार्टून किरदार डोरेमान व छोटा भीम पिचकारियों की है, जो बच्चों को बहुत पसंद आ रही हैं।
अलीगंज बाजार में पिचकारी के दुकानदार मोहम्म रईस ने बताया कि हमारे पास दस रुपये से लेकर पांच सौ रुपये तक की पचास से ज्यादा किस्म की पिचकारियां मौजूद हैं, लेकिन पिचकारियों के साथ ज्यादातर बच्चे ही रंग खेलते हैं, इसलिए उनके बीच लोकप्रिय सुपरहीरो और कार्टून किरदार वाली पिचकारियां ज्यादा बिक रही हैं।

रईस के मुताबिक कार्टून किरदार और सुपरहीरो वाली पिचकारियों की कीमत भी बहुत ज्यादा नहीं है। ये पचास रुपये से लेकर दौ सौ रुपये के बीच बिक रही हैं। ऐसे में अभिभावक को अपने बच्चों की पसंद को पूरा करने में दिक्कत नहीं हो रही है। बाजार में इन पिचकारियों के बाद केकड़ा गन, मिसाइल गन, टैंकर गन और प्रेशर गन पिचकारियां भी बच्चों को लुभा रही हैं।
अमीनाबाद के दुकानदार शबी हैदर कहते हैं कि जो बच्चे दस साल से ज्यादा उम्र के हैं वे इस तरह की पिचकारियों को पसंद कर रहे हैं। ये पिचकारियां थोड़ी महंगी हैं। इन सब पिचकारियों के बीच नवाबों के शहर में एक लाख रुपये कीमत की पिचकारी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। चांदी से निर्मित यह खास पिचकारी पहली बार राजधानी के बाजार में उतारी गई है।
सर्राफा कारोबारी कैलाश चंद्र जैन ने कहा कि हमने इस होली पर लोगों के लिए चांदी की बाल्टी वाली पिचकारी बाजार में उतारी है। इस खास पिचकारी की कीमत एक लाख रुपये रखी गई है। इसी बनावट में चांदी की ही कुछ छोटी पिचकारियां भी बनाई गई हैं जिनकी कीमत कम है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications