बिहार नहीं मोदी के कारण नीतीश थामेंगे कांग्रेस का हाथ!
नई दिल्ली। जहां भाजपा अपनी कार्यकारिणी बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव में पीएम पद के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम पर मुहर लगाने की फिराक में हैं वहीं दूसरी ओर बिहार में उसके और जेडीयू के गठबंधन पर तलवार लटक रही है। मोदी को ना पसंद करने वाले जेडीयू के कद्दावर नेता नीतीश कुमार ने यूपीए के आम बजट की तारीफ करके इस बात को औऱ हवा दे दी है।
नीतीश कुमार पहले ही साफ कर चुके हैं कि अगर मोदी के नेतृत्व में भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव लड़ती है तो वो कमल के साथ नजर नहीं आयेंगे। शायद यही बड़ा कारण है जिसकी वजह से नीतीश कुमार को अब कांग्रेस की खूबियां नजर आ रही हैं। रेल बजट वाले दिन भी नीतीश कुमार ने बजट की आलोचना तो की थी लेकिन उग्र नहीं दिखे जबकि आम बजट वाले दिन तो काफी खुश दिखायी दिये।
वैसे नीतीश कुमार ने बिहार राज्य को विशेष दर्जा दिलाने वाले का साथ देने की बात की है जिेसे कांग्रेस भी बखूबी जानती है जिसके कारण ही शायद चिदंबरम ने अपने आम बजट में बिहार के विशेष राज्य वाली बात का जिक्र किया है औऱ नीतीश कुमार को अपनी ओर करने की कोशिश की है।अगर ऐसा होता है तो यह भाजपा के लिए खतरे की घंटी है क्योंकि फिर बिहार से उसे हाथ धोना पड़ सकता है क्योंकि जितना ऊंचा कद मोदी का गुजरात में हैं उतना ही नीतीश कुमार का बिहार में है।
अगर भारत के मानचित्र में मोदी के गुजरात की महक है तो वहीं नीतीश का बिहार भी अब मुस्कुराने लगा है। ऐसे में अगर नीतीश कुमार का साथ भाजपा से छूटता है तो यह उसके लिए बड़ा नुकसान और कांग्रेस का बड़ा फायदा होगा।













Click it and Unblock the Notifications