कांग्रेसियों ने राहुल को नीलकंठ और सोनिया को लक्ष्मीबाई बताया
इलाहाबाद। एक बार फिर से कांग्रेसियों ने मक्खनबाजी और चापलूसी की हद पार कर दी है जिसको देखकर लोग हैरान तो हैं ही वहीं मुंह दबाकर हंसने को मजबूर भी है। संगमनगरी में इस समय महाकुंभ मेला लगा हुआ है।
लोग अपने-अपने पापों को धोने के लिए संगम में स्नान कर रहे हैं लेकिन कांग्रेसी कार्यकर्तागण अपना अलग ही सुर अलाप रहे हैं। कांग्रेसियों ने कुंभ क्षेत्र में एक होर्डिंग लगायी है जिसमें उन्होंने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को भगवान शंकर बताया है तो वहीं यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी को लक्ष्मीबाई ।
आपको याद होगा कि उपाध्यक्ष बनने पर जयपुर सम्मेलन में राहुल गांधी ने कहा था कि उनकी मां ने उनसे कहा है कि 'सत्ता जहर के समान' होती है। उसी तर्ज पर होर्डिंग में लिखा है कि 'सत्ता में जहर है ठीक है और जो पीता है जहर , वही नीलकंठ होता है, उठा लो हलाहल और शंकर हो जा" यानी की ऱाहुल गांधी भगवान शंकर की तरह नीलकंठ बन जायें। इसी होर्डिंग में राहुल गांधी की मुस्कुराती तस्वीर लगी है और उनके बगल में भगवान शिव ध्यान की मुद्रा में आंख बंद किेये हुए लेकिन मुस्कुराते हुए बैठे हैं।
यही नहीं शिव की तरह राहुल गांधी के माथे पर तीसरी आंख बनाई गई है और शंकर जी के नीलकंठ की तरह राहुल के गले के हिस्से को भी नीला दिखाया गया है। तो वहीं एक दूसरी होर्डिंग में रानी लक्ष्मीबाई के पोज में सोनिया गांधी को दिखाया गया है। सोनिया गांधी हाथ में तलवार लिये घोड़े पर बैठी हैं।गौर करने वाली बात यह है कि इस होर्डिंग को कांग्रेसियों ने बिना मेला प्रशासन की अनुमति के लगाया है। गौरतलब है कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी 9 से 12 फरवरी के बीच में महाकुंभ में पहुंचने वाले हैं।
वैसे कांग्रेसियों की इस हरकत पर आप लोग क्या कहना चाहते हैं अपनी राय जरूर लिखें।













Click it and Unblock the Notifications