मलाला यूसुफजई 'नोबेल शांति पुरस्कार' के लिए नामांकित
ओस्लो। पाकिस्तान में महिला शिक्षा के लिए आवाज उठाने वाली मलाला यूसुफजई का 'नोबेल शांति पुरस्कार' के लिए नामांकन किया गया है। पहले से ही इस तरह की मांग की जा रही थी कि मलाला के बहादुरी भरे काम के लिए उसका नाम भेजा जाना चाहिए।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष पाकिस्तान की स्वात घाटी में मलाला को महिला शिक्षा का समर्थन करने के कारण तालिबानियों ने गोली मार दी थी। जिसके बाद रावलपिंडी के एक सैन्य अस्पताल में मलाला का इलाज किया गया, लेकिन उसकी हालात बिगड़ते देख उसे ब्रिटेन रेफर कर दिया गया। जहां अब वह स्वास्थ्य लाभ कर रही है।

एक फरवरी को इस पुरस्कार के नामांकन की आखिरी तारीख थी। जिसमें मलाला का नाम दिया गया है। मलाला के अलावा बेलारूस के मानवाधिकार कार्यकर्ता एलेक्स बेलीत्स्की और रूस की ल्यूडमिला एलेक्सयेवा का नाम भी दिया गया है। महिला शिक्षा के कारण पूरी दुनिया में मलाला को समर्थन प्राप्त है। मलाला पर हुए हमले के बाद संयुक्त राष्ट्र ने भी महिलाओं की शिक्षा के लिए विशेष प्रयास शुरू कर दिये हैं।
नोबेल विजेता के नाम का अंदाजा लगाना बेहद कठिन होता है क्योंकि पूरी प्रक्रिया में काफी गोपनीयता बरती जाती है।












Click it and Unblock the Notifications