नरेंद्र मोदी के मौन से क्यों अकुला उठे शिवानंद?
अहमदाबाद। आज अचानक शिवानंद तिवारीजी को नरेन्द्र मोदी की याद आ ही गई। अकेले शिवानंद परेशान नहीं हैं मोदी के मौन से। हर वह नेता-व्यक्ति परेशान है मोदी के मौन से, जो उनका विरोधी है। अपने गुजरात में हैट्रिक विजय दर्ज कराने के बाद वाइब्रेंट गुजरात अंतरराष्ट्रीय निवेशक सम्मेलन में व्यस्त मोदी का दिल्ली सामूहिक बलात्कार कांड जैसे वाइब्रेंट मुद्दे पर मौन उनके विरोधियों को इसलिए भी परेशान कर रहा है, क्योंकि एक तरफ मोदी को प्रधानमंत्री पद के भावी दावेदार के रूप में पेश करने वालों की कमी नहीं है, दूसरी तरफ देश को दहलाने वाले इस मुद्दे पर मोदी के मौन से उन्हें उन पर हमला करने का मौका नहीं मिल रहा है।
अब यह तो कौन नहीं जानता कि इस देश में मोदी को लोकसभा चुनाव 2014 में भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में किए जाने पर सबसे ज्यादा परेशानी किसे है? हालाँकि भाजपा के इस कदम से सबसे ज्यादा नुकसान तो कांग्रेस और उनके युवराज राहुल गांधी को होने की आशंका है, लेकिन वह संभावित नुकसान तो चुनाव परिणामों के बाद हो सकता है। इसीलिए कांग्रेस या राहुल का इतना ज्यादा परेशान न होना लाजिमी है। परेशान तो वो लोग हैं, जो मोदी को चुनावी फायदे-नुकसान से भी बढ़ कर अपनी व्यक्तिगत राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के लिहाज से नुकसान के रूप में देखते हैं।

शिवानंद तिवारी जनता दल यू के नेता हैं। वही जेडीयू, जो बिहार में एकमात्र अपने मुख्यमंत्री नीतिश कुमार पर सिमटी हुई पार्टी है और नीतिश कुमार की मोदी से खुनस से कौन अनजान हैं।
दिल्ली सामूहिक बलात्कार कांड पर एक तरफ जहाँ पूरे देश में बयानबाजी का तड़का चला है, वहीं मोदी विरोधी मानसिकता रखने वालों को इस मुद्दे पर मोदी का मौन लगातार खल रहा था। वे किसी तरह इस मामले में मोदी के बयान रूपी झोंके का इंतजार कर रहे थे, लेकिन मौका नहीं मिल रहा था। आखिर जब आरएसएस सुप्रीमो मोहन भागवत इस बयानबाजी के युद्ध में कूदे, तो शिवानंद तिवारी को मौका मिल गया और वे तपाक से बोल पड़े कि इस पूरे प्रकरण में मोदी क्यों मौन हैं, जबकि उनका नाम प्रधानमंत्री पद के दावेदार के रूप में यदि पेश किया जा रहा है और वे आरएसएस के स्वयंसेवक भी हैं, तो उन्हें बयान देना चाहिए कि भागवत की राय से वे इत्तेफाक रखते हैं या नहीं?
अब शिवानंद तिवारी को कौन समझाए? मोदी अभी-अभी गुजरात विधानसभा चुनाव 2012 जीते हैं। लगातार तीसरी बार जीते हैं। दूसरे यह कि मोदी ने हैट्रिक के बाद गत 27 दिसम्बर को पहली बार दिल्ली दौरे में संवाददाताओं के सवालों के जवाब में दिल्ली गैंग रेप पर स्पष्ट शब्दों में कहा था कि वे इस मुद्दे को राजनीति से ऊपर उठ कर देखते हैं।
मोदी सीधे-सीधे इस मुद्दे से कन्नी काट गए। यह उनकी रणनीति भी थी और सफल चाणक्य नीति भी। मोदी जानते थे कि इस संवेदनशील मुद्दे पर बातों के पुलिंदे नहीं, बल्कि कार्यवाही की संजीदगी की जरूरत है। यही कारण है कि गुजरात में मोदी ने महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े कई कदम उठाए। इतना ही नहीं, इस समग्र प्रकरण में मोदी सहित समग्र गुजरात सरकार ने रणनीतिक तौर पर मौन साध लिया।
मोदी फिलहाल गुजरात में वाइब्रेंट गुजरात अंतरराष्ट्रीय निवेशक सम्मेलन में व्यस्त हैं। ऐेसे में उनके विरोधियों को मोदी का मौन सुहा नहीं रहा। विरोधी चाहते हैं कि मोदी भी इस बयानबाजी युद्ध में कूदें और कोई चूक करें, जिससे उन पर हमला करने का मौका मिले, लेकिन मोदी का रणनीतिक मौन स्पष्ट संदेश देता है कि फिलहाल वे इस मुद्दे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देंगे और न ही विरोधियों को किसी तरह का कोई मौका देंगे।
जेडीयू नेता शिवानंद तिवारी के दिल की टीस समझी जा सकती है। दरअसल तिवारी तो केवल मुखौटा हैं। उनके चेहरे के पीछे हैं नीतिश कुमार। यह समझना मुश्किल नहीं है। जेडीयू और नीतिश कुमार चाहते हैं कि मोदी दिल्ली गैंग रेप प्रकरण में कोई चूक करें, ताकि उनकी 2014 में प्रधानमंत्री पद की दावेदारी कमजोर पड़े, लेकिन शायद वे नहीं जानते कि उनका पाला एक ‘गुजराती भायडा' से पड़ा है, जो आसानी से किसी के शिकंजे में नहीं आता।


Click it and Unblock the Notifications
