रोज़ डे..लाता हैं अपनो को और करीब...

दोस्तों आज रोज डे है..यानी की आज के दिन आप अपने अजीजों को अपनी भावनाओं से गुलाब के फूल के जरिये अवगत करा सकते हैं। रोज डे..के दिन केवल प्रेमी-प्रेमिका को, पति-पत्नी को ही गुलाब का फूल नहीं दे सकता है, बल्कि आप हर उस करीबी को फूल दे सकते हैं जिसे आप दिल से मानते हैं।
हो सकता है कि वो आपकी बेटी हो, बेटा हो, मित्र हो, टीचर हो, पापा हो, मम्मी हो या फिर आपके ग्रैंड पैरेंटस। लोगों को भ्रम है कि यह दिन तो पाश्चात्य शैली की देन है और इसे केवल युवागण ही मना सकते हैं तो ऐसा नहीं है, बल्कि यह दिन तो प्यार, दोस्ती, भरोसे को जताने का दिन है और ये तीनों बातें किसी भी रिश्ते के लिए जरूरी होती है ।
अब वो चाहे दोस्ती का रिश्ता हो, प्रेम का रिश्ता हो या फिर ममता का। बस आपको थोड़ा सा गुलाब के रंगों में चयन करना होगा, अपने रिश्ते के हिसाब से। तो चलिए आपकी यह मुश्किल हम दूर किये देते हैं। हम आपको बताते हैं कि किस रंग के गुलाब किसको और कब देने चाहिए।
अगर आप का कोई मित्र आपसे काफी दिनों से नाराज चल रहा है, आप से लंबे अरसे से बात नहीं कर रहा है तो आज के दिन से बेहतर कोई दिन नहीं होगा उसे मनाने का, आप उसके पास सफेद गुलाब लेकर जाइये और मु्स्कुराकर लेकिन दिल से सॉरी बोलिए, देखिये वो किस तरह आपसे सारे गिले-शिकवे भूलकर आपको गले लगता है।
अगर आपके मन में किसी से दोस्ती करने की इच्छा है तो आप उस व्यक्ति के पास 'यलो रोज' यानी की पीले गुलाब लेकर जाइये। देखिये आप से दोस्ती को मंजूर करने के सिवाय उस इंसान के पास कोई चारा नहीं होगा। चाहे वो दोस्त मेल हो या फीमेल आप उस से अपनी दोस्ती पीले गुलाब के जरिये जता सकते हैं।
अब आयी बारी इजहारे दिल की, तो आपको बता दें कि अगर आपका दिल किसी को चाहता है लेकिन अभी तक आपने अपने दिल की बात उससे नहीं की है तो आज का दिन अपने दिल की बात कहने का सबसे मुबारक दिन है। आप पिंक कलर का रोज यानी गुलाबी गुलाब को अपने प्रेमी या प्रेमिका के पास लेकर जाइये..यकीन मानिये आपको शब्दों की जरूरत नहीं पड़ेगी।
अगर आप अपने प्यार की गहराई से किसी को अवगत करना चाहते हैं तो आप के हाथों में बस एक छोटा सा लाल गुलाब होना चाहिए। अब एक लाल गुलाब लेकर बस अपने लविंग पर्सन के पास पहुंचिए फिर देखिये वो इंसान आपको बदले में कितना प्यार देता है।
लाल गुलाब केवल हसबैंड-वाइफ के बीच में या फिर लवर्स के बीच में ही नहीं दिया जा सकता है। एक पांच साल की बेटी भी अपने पापा को रेड रोज दे सकती है या फिर एक 20 साल का बेटा भी अपनी 50 साल की मम्मी को भी लाल गुलाब दे सकता है।
तो साथियों देर किस बात की है, एक प्यारे से गुलाब को लेकर पहुंचिए अपने प्यारों के पास। यकीनन आज का दिन आपके खूबसूरत दिनों में दर्ज हो जायेगा।












Click it and Unblock the Notifications