अनशन के लिए दिल्ली का रामलीला मैदान भी तैयार
रामलीला मैदान की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे प्रशांत भूषण ने बताया कि इस बार रामलीला मैदान में आधा दर्जन जगहों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं। इनके माध्यम से मुंबई में अन्ना हजारे के अनशन का लाइव टेलीकास्ट देख सकेंगे। इतना ही नहीं, स्क्रीन के माध्यम से अन्ना का संदेश भी लोगों तक पल-पल पहुंचता रहेगा। इसके लिए स्क्रीन के साथ-साथ बड़े-बड़े साउंड सिस्टम लगाने की व्यवस्था भी की जा रही है। रामलीला मैदान में पहुंचने वाले लोगों के लिए एक मेडिकल टीम भी यहां पर कार्यरत रहेगी। इसका दायित्व लोगों को प्राथमिक उपचार मुहैया कराना होगा। रामलीला मैदान में इस बार मंच खुले आसमान के नीचे बनाया गया है।
यह चारों तरफ से बंद है। जिससे कि ठंड के समय लोग धूप से कुछ राहत पा सकें। मैदान में लोगों के बैठने के लिये दरिया बिछाने, साउंड सिस्टम व बड़ी स्क्रीन लगाने का काम देर रात तक जारी रहा। उधर, देर शाम टीम अन्ना ने रामलीला मैदान में काम करने वाले वालंटियरों के साथ बैठक की और उन्हें उनके दायित्वों की जानकारी दी गई। रामलीला मैदान में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। इनमें देशभक्ति गीत और नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। इस बार अनशन पूरे दिन का नहीं, बल्कि क्रमिक अनशन होगा। यह अनशन तीन दिन तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक होगा।













Click it and Unblock the Notifications