जयललिता ने खोला पिटारा

कार्यभार संभालते ही जयललिता ने राज्य में बड़े प्रशासनिक फेरबदल भी किए हैं.उल्लेखनीय है कि गत 13 मई को आए विधानसभा चुनाव परिणाम में जयललिता की पार्टी एआईएडीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन को भारी भरकम जीत मिली है.एआईएडीएमके गठबंधन ने 234 में से 204 सीटें जीती हैं. जिनमें से 150 सीटें अकेले अन्नाद्रमुक के खाते में गई है.
जयललिता ने सत्ता संभालते ही अपने चुनावी वादे पूरे करने का सिलसिला शुरु कर दिया और मुफ़्त चावल और सोने के अलावा वृद्धावस्था पेंशन को पाँच सौ रुपए से बढ़ाकर एक हज़ार रुपए करने के आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए हैं.इसके अलावा उन्होंने सरकारी कर्मचारियों के लिए मातृत्व अवकाश तीन महीने से बढ़ाकर छह महीने करने की घोषणा की है.उन्होंने मछली मारने पर रोक के दिनों के लिए मछुवारों को दी जाने वाली आर्थिक सहायता एक हज़ार रुपए से बढ़ाकर दो हज़ार कर दिया है.
इसके अलावा ग़रीब लोगों के लिए विवाह की सहायता राशि 25 हज़ार रुपए से बढ़ाकर 50 हज़ार रुपए कर दी गई है.चुनाव के दौरान तत्कालीन सत्तारूढ़ डीएमके और चुनाव के बाद जीतकर आई एआईएडीएमके दोनों ने जनता को मुफ़्त चावल से लेकर मिक्सर, मिनरल वॉटर और लैपटॉप तक बहुत कुछ देने का वादा किया था.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार जयललिता ने कहा है कि वे अपने चुनावी वादे पूरे करने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं और इसके लिए उन्होंने 'विशेष कार्यक्रम क्रियान्वयन' नाम से एक नए मंत्रालय का भी गठन किया है.मुख्यमंत्री जयललिता ने कुछ बड़े प्रशासनिक फेरबदल करते हुए मुख्य सचिव वाईएस मालती और चेन्नई पुलिस कमिश्नर टी राजेंद्रन को हटा दिया है.
मालती की जगह देवेंद्र नाथ सड़ंगी को नियुक्त किया गया है. वे अब तक राजस्व सचिव थे. मालती को आर्थिक और सांख्यिकी विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव बनाकर भेज दिया गया है.टी राजेंद्रन को अब अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक,जेल बना दिया गया है और इसी पद पर कार्य कर रहे जेके त्रिपाठी को अब चेन्नई पुलिस कमिश्नर बना दिया गया है.जबकि आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव और निदेशक की तरह काम कर रहीं शीला प्रिया को जयललिता ने मुख्यमंत्री की अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया है.
उन्होंने रामलिंगम और रीता हरीश ठक्कर को मुख्यमंत्री का सचिव नियुक्त किया है.इसके अलावा भी उन्होंने कई विभागों में बड़े फेरबदल किए हैं.












Click it and Unblock the Notifications