चीन में भी महंगाई की मार

सरकारी नीतियों को लेकर सालाना तौर पर होने वाले संसदीय सत्र के संबोधन से पहले जारी उनके बयान में साफ़ तौर पर कहा गया है कि महंगाई सामाजिक विकास को प्रभावित कर रही है और अमीर-ग़रीब का फ़र्क लगातार बढ़ता जा रहा है. चीन के प्रधानमंत्री ने माना कि रोज़मर्रा ज़रूरतों की चीज़ों के दाम आसमान छू रहे हैं.
एक अनुमान के मुताबिक चीन के निम्न-विर्गीय परिवार अपने वेतन का आधे से ज़्यादा हिस्सा खाने पर खर्च कर देते हैं. प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ की ओर से जारी बयान की लिखित कॉपी के मुताबिक सरकार की प्राथमिकता है अर्थव्यवस्था में बुनियादी सुधार और महंगाई पर लगाम कसना. उन्होंने कहा कि समाज में बढ़ती आर्थिक खाई से निपटना सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण चुनौती है.
प्रधानमंत्री के मुताबिक सरकार महंगाई दर को चार फ़ीसदी और विकास दर को आठ फीसदी करने के लक्ष्य रखती है .संसद के दस दिनों के इस सत्र के दौरान सरकार 2011 से 2015 तक की पंचवर्षीय योजनाओं का मसौदा तैयार करेगी. 12 पंचवर्षीय योजना के तहत वर्तमान सरकार का मकसद दीर्घकालिक विकास को बढ़ावा देना है.
इससे पहले चीन ने कहा था कि वो अपने रक्षा बजट में 12 प्रतिशत से भी ज़्यादा की वृद्धि करने जा रहा है. 90 अरब डॉलर के इस बजट ने उसके पड़ोसियों की नींद उड़ा दी है. सरकार के एक प्रवक्ता ने कहा था कि चीन का रक्षा बजट अन्य देशों के मुक़ाबले कम है लेकिन कई पर्यवेक्षकों का कहना है कि चीन का वास्तविक रक्षा बजट इन आंकड़े से कहीं ज़्यादा है.












Click it and Unblock the Notifications