दार्जिलिंग में जारी रहेगा आंदोलन

पश्चिम बंगाल से अलग राज्य की मांग पर दार्जिलिंग और पास के इलाकों में सालों से आंदोलन जारी है. दार्जिलिंग में जारी हंगामों के बीच केंद्र सरकार के मध्यस्थ विजय मदान ने गोरखा मुक्ति मोर्चो नेता बिमल गुरूंग से भेंट की है. ये मुलाक़ात पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी के कुमानी नाम की जगह पर हुई.
बैठक में अलग राज्य की मांग को लेकर जारी आंदोलन पर चर्ची की गई. स्थानीय पत्रकार अमिताभ बर्नजी ने बीबीसी को बताया कि गोरखा नेताओं ने विजय मदान से कहा है कि संगठन मैदानी क्षेत्रों में आंदोलन को धीमा करेगा, लेकिन यह दार्जिलिंग और आसपास के इलाकों में जारी रहेगा.
केंद्र के मध्यस्थ और मुक्ति मोर्चा के नेता के बीच ये मुलाक़ात एक ऐसे वक्त हुई है, जब अलग राज्य की मांग को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रहा हंगामा थोड़ा शांत होता दिख रहा है.
हालांकि इस दौरान 8 फ़रवरी को आंदोलनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़प में पुलिस की गोली से घायल हुई एक कार्यकर्ता की मौत हो गई है. गोरखा नेता से मुलाक़ात के पहले मदान ने दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी के आला अधिकारियों के साथ भी बैठकें की, जिसमें क़ानून व्यवस्था पर चर्चा की गई.
इस बीच, दार्जिलिंग और आसपास के इलाक़ों में हड़ताल जारी है और मोर्चा पुलिस फ़ायरिंग में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो से जांच करवाने की मांग कर रही है. पुलिस का कहना है कि इलाके में तनाव अभी भी जारी है.












Click it and Unblock the Notifications