मिस्र में बदलाव फौरन शुरू हों: ओबामा

बराक ओबामा ने होस्नी मुबारक के भाषण के बाद उनसे लम्बी बातचीत की
अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि मिस्र में बदलाव सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढ़ंग से होने चाहिए और उसकी शुरूआत फौरन की जानी चाहिए.
टेलीविज़न पर दिए गए एक भाषण में ओबामा ने ये बात राष्ट्रपति होस्नी मुबारक के राष्ट्र को संबोधन के बाद कही.
इसमें होस्नी मुबारक ने कहा है कि सितंबर में होनेवाले चुनाव में हिस्सा नहीं लेंगे.
ओबामा ने कहा कि उन्होंनें मिस्र के राष्ट्रपति से टेलीफ़ोन पर लगभग 30 मिनट की एक लंबी बातचीत की.
उनका कहना था था कि आनेवाले दिन कठिन होंगे लेकिन उन्हें पूरा भरोसा है कि मिस्र के लोग इनका मुक़ाबला कर सकने में सक्षम हैं.
राष्ट्रपति ओबामा ने इस पूरे आंदोलन के दौरान संयम बरतने के लिए मिस्र की सेना की तारीफ़ की और कहा कि मिस्र के लोगों ने जिस जोश और आत्मसम्मान का प्रदर्शन किया है वो प्रेरणादायक है.
समाचार एजेंसी रॉयटर ने एक अमरीकी अधिकारी के हवाले से कहा है कि ये एक सीधी और खुली बातचीत थी.
अधिकारी के मुताबिक़ अमरीकी राष्ट्रपति ने होस्नी मुबारक से कहा कि उन्हें मालूम है कि होस्नी मुबारक अपने देश को कितना प्यार करते हैं और उनके लिए ये समय कितना मुश्किल है.
लेकिन साथ ही ओबामा ने ये भी साफ़ कर दिया कि अब बदलाव को नहीं रोका जा सकता है और इसकी शुरुआत जल्द ही की जानी चाहिए.












Click it and Unblock the Notifications