Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

बड़े घोटालों के नाम रहा साल 2010

साल 2010 के खत्‍म होने में महज पांच दिन बाकी हैं, हर साल की तरह यह वर्ष भी अपने साथ कई खट्टी-मीठी यादें लेकर खत्‍म हो जाएगा। यदि हम 2010 में देश में हुई घटनाओं पर नजर डालें तो कई घटनाएं ऐसी हैं, जिन्‍हें सुनकर आज भी हमारे रोंगटे खड़े हो जाते हैं, कई ऐसी जिनके बारे में सोच कर हम देश की व्‍यवस्‍था को कोसने लगते हैं। बात अगर आ ही गई है, तो चलिए एक नज़र डालते हैं 2010 की कुछ प्रमुख घटनाओं पर।

रेल दुर्घटनाएं
जनवरी महीने की शुरुआत रेल दुर्घटनाओं से हुई। 2 जनवरी को उत्‍तर प्रदेश में कोहरे के कारण एक साथ तीन जगह रेल दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 10 लोग मारे गए और 50 से अधिक घायल हुए। उसके बाद 16 जनवरी को यूपी में ही दो अ्रेनों की टक्‍कर और फिर 17 जनवरी को बाराबंकी में एक कार ट्रेन से टकरा गई। छठी रेल दुर्घटना 22 तारीख को आजमगढ़ के पास हुई।

28 मई को ज्ञानेश्‍वरी एक्‍सप्रेस नक्‍सलियों के एक धमाके का शिकार हो गई। इस हादसे में मुंबई से आ रही ट्रेन के 13 डिब्‍बे पश्चिमी मिदनापुर में पटरी से उतर गए और दूसरी ट्रेन से जा टकराए। 19 जुलाई को पश्चिम बंगाल के बीरभूमि जिले में दो ट्रेनों की टक्‍कर हो गई, जिसमें 50 से ज्‍यादा लोग मारे गए।

पुणे बम धमाका
फरवरी में पाकिस्‍तानी आतंकी संगठन लश्‍कर-ए-तैयबा ने पुणे में आतंकी वारदात को अंजाम दिया। आतंकियों ने यहां की जर्मन बेकरी में धमाका किया। इस हमले में 17 लोग मारे गए और 60 से ज्‍यादा घायल हुए। खुफिया एवं जांच एजेंसियों के मुताबिक इन धमाकों के पीछे लश्‍कर के सहयोगी संगठन अल अलामी और मुजाहिदीन इस्‍लामी मुस्लिम फ्रंट का हाथ था। जांच एजेंसियों के मुताबिक इन संगठनों की मदद प्रतिबंधित संगठन इंडियन मुजाहिदीन ने की। इसी के तुरंत बाद नक्‍सलियों ने 15 फरवरी को पश्चिम बंगाल में सिलडा कैम्‍प पर हमला किया, जिसमें 24 जवान शहीद हो गए।

प्रतापगढ़ में भगदड़
साल की सबसे बड़ी भगदड़ उत्‍तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में राम जानकी मंदिर में 4 मार्च को मची। इस भगदड़ में 63 लोगों की मौत हो गई, 100 से ज्‍यादा लोग घायल हुए। वहीं 23 मार्च को कोलकाता की एक इमारत में भीषण आग 24 लोगों को लील गई।

शिक्षा का अधिकार
1 अप्रैल को केंद्र सरकार ने शिक्षा का अधिकार कानून पारित किया। इसके अंतर्गत 6 से 14 वर्ष की आयु के बच्‍चों को शिक्षा का अधिकार दिया गया। इससे देश के करोड़ों बच्‍चे लाभान्वित होंगे। इसी महीने छत्‍तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में सीआरपीएफ और नक्‍सलियों के बीच संघर्ष हुआ, जिसमें 70 जवान मारे गए। 13 अप्रैल को पूवी भारत में तूफान आया, जिसने 140 लोगों की जान ले ली। 5 लाख से ज्‍यादा लोग बेघर हो गए।

अजमल कसाब को फांसी
3 मई को मुंबई आतंकी हमले में पकड़े गए एक मात्र आतंकवादी अजमल कसाब को दोषी करार दिया गया। उस पर भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने का आरोप सिद्ध हुआ। 6 मई को कसाब को फांसी की सजा सुनाई गई।

दर्दनाक मैंगलौर विमान हादसा
इसी दौरान देश की सबसे बड़ी विमान दुर्घटना हुई। 22 मई को मैंगलौर के हवाई अड्डे पर उतरते समय एयर इंडिया की एक्‍सप्रेस फ्लाइट 812 दुर्घटनाग्रस्‍त हो गई, जिसमें 158 लोग मारे गए। 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। य‍ह हादसा दिल दहला देने वाला था। कई परिवारों के द्वीप इस हादसे में बुझ गए। यही नहीं एयर इंडिया की विश्‍वसनीयता पर भी कई सवाल उठे।

समुद्र में तेल रिसा
7 अगस्‍त को मुंबई के तट पर तेल से भरा एक टैंकर जहाज एक अन्‍य जहाज से टकरा गया, जिसमें 2662 टन तेल, 283 टन डीजल और 88040 लीटर ल्‍यूब ऑयल समुद्र में बह गया। एक जहाज पैनामा से और दूसरा सेंट किट्टस से आ रहा था। इस कारण तटीय इलाकों में जबर्दस्‍त जल प्रदूषण फैल गया। 27 अगस्‍त को पुलिस ने नक्‍सलियों के सरगना उमाकांत महतो को मार गिराया। बताया जाता है कि ज्ञानेश्‍वरी रेल दुर्घटना में उसी का हाथ था।

अयोध्‍या पर अनसुलझा फैसला
30 सितंबर को इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने 1992 में ढहाई गई बाबरी मस्जिद के बाद बचे विवादित स्‍थल पर फैसला सुनाया। कोर्ट ने सुन्‍नी वक्‍फ बोर्ड, हिन्‍दू महासभा और निर्मोही अखाड़ा तीनों को बराबर से एक तिहाई हिस्‍सा देने का फैसला सुनाया। पहले यह फैसला 24 सितंबर को आना था, लेकिन देश में शांति एवं सुरक्षा व्‍यवस्‍था का परीक्षण करने के बाद 30 सितंबर को यह ऐतिहासिक फैसला सुनाया गया। हालांकि तीनो ही संगठन इस फैसले से असंतुष्‍ट हैं और सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटा चुके हैं।
'अयोध्या' एक गरीब और लाचार शहर...

कलमाड़ी के नापाक मंसूबे
सितंबर में आयोजित हुए राष्‍ट्रमंडल खेलों के बाद भारत का सिर एक बार फिर दुनिया के सामने झुक गया। इस बार खेलों के आयोजन में हुआ घोटाला था। सीबीआई ने आयोजन समिति के अध्‍यक्ष सुरेश कलमाड़ी के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। इसमें कई अरब रुपयों के घोटाले की आशंका जताई गई है।

आदर्श घोटाला
अक्‍तूबर महीने में मुंबई में कारगिल शहीदों के परिवारों के लिए बनाए गए एक अपार्टमेंट- आदर्श सोसाइटी में बड़ा घोटाला सामने आया। इसमें महाराष्‍ट्र के तत्‍कालीन मुख्‍यमंत्री अशोक चव्‍हाण पर अपने परिवार के सदस्‍यों को फ्लैट आवंटन कराने के आरोप लगे, जिसके बाद उन्‍हें मुख्‍यमंत्री पद से इस्‍तीफा देना पड़ा। मामल की जांच जारी है। इस घोटाले में पूर्व सेनाध्‍यक्ष दीपक कपूर समेत कई मंत्रियों के नाम भी चल रहे हैं।

2जी स्‍पेक्‍ट्रम घोटाला
देश में 2जी स्‍पेक्‍ट्रम आवंटन में घोटाला हुआ है, इस बात की सुगबुगाहट तो साल की शुरुआत से ही थी। भारतीय जनता पार्टी समेत कई पार्टियां शुरू से ही जांच की मांग कर रही थीं, लेकिन केंद्र सरकार की आंखें साल के अंत में खुलीं। इसमें करीब 1.75 करोड़ अरब रुपए का घोटाला हुआ है। सीबीआई ने घोटाले के मुख्‍य आरोपी पूर्व टेलीकॉम मिनिस्‍टर ए राजा के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इस घोटाले में नीरा राडिया की अहम भूमिका मानी जा रही है। फिलहाल सीबीआई एक-एक कर परतें खोल रही है। इसमें कई बड़े नाम सामने आ सकते हैं। भाजपा व विपक्षी दल इस घोटाले की जांच संसदीय जांच समिति को सौंपने की मांग कर रही हैं। इसी मांग के चलते इस साल पहली बार संसद का शीतकालीन सत्र बिना बहस के खत्‍म हो गया।
पीएसी के समक्ष पेश होने को तैयार पीएम

कर्नाटक भूमि घोटाला
आदर्श के तुरंत बाद कर्नाटक में यह घोटाला सामने आया, जिसने भाजपा का सिर शर्म से झुका दिया, हालांकि मुख्‍यमंत्री बीएस येदियुरप्‍पा अपने किए पर बिना किसी शर्म के कुर्सी पर डटे रहे। हालांकि राजनीतिक दबाव के चलते उनके रिश्‍तेदारों ने वो जमीन वापस कर दी, जो येदियुरप्‍पा ने उन्‍हें आवंटित की थी।

महत्‍वपूर्ण खबरें

17 जनवरी को पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्‍यमंत्री ज्‍योति बसु का निधन
18 फरवरी को अभिनेता निर्मल पांडेय का निधन
1 अप्रैल को भारत ने जनगणना शुरू की
10 मई को फिल्‍म अभिनेता मैक मोहन का निधन
15 मई को पूर्व उपराष्‍ट्रपति भैरों सिं‍ह शेखावत का निधन
23 जुलाई को भारत सरकार ने सोलर से चलने वाले टच स्‍क्रीन लैपटॉप लॉन्‍च किए
27 कलाकार रवि बासवानी का निधन
6 अगस्‍त को लेह में बादल फटने से हुई तेज बारिश के कारण 113 लोगों की मौत
10 सितंबर को दिल्‍ली में बाढ़ के कहर से हजारों लोग प्रभावित हुए
28 राजनेता महावीर प्रसाद का निधन
5 दिसंबर को बेंगलुरू की रहने वाली मिस इंडिया निकोल फारियां मिस अर्थ चुनी गई
23 दिसंबर को केरल के पूर्व मुख्‍यंमत्री के करुणाकरन का निधन

More From
Prev
Next
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+