जर्मनी की विकास दर में रिकॉर्ड बढ़ोतरी

जून महीने में समाप्त हुई तिमाही में जर्मनी की विकास दर में 2.2 फ़ीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है. आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक जर्मनी की अर्थव्यवस्था में पिछले 20 वर्षों में किसी एक तिमाही में हासिल की गई यह सबसे अधिक विकास दर है.
इस तेजी की खास वजह यूरो के कमजोर होने से निर्यात का बढ़ना रहा.
यूरो का मूल्य घटने से ख़रीदारों को यूरो की कम क़ीमत पर चीजें उपलब्ध हुईं. इससे ख़रीदार अधिक ख़रीद के लिए उत्साहित हुए. इसके अलावा जर्मनी में घरेलू उपभोग और सरकारी व्यय में तेज़ी से भी अर्थव्यवस्था की विकास दर बढ़ी.
जर्मनी के राष्ट्रीय सांख्यिकीय कार्यालय डेस्टैटिस ने बताया, "जर्मनी की अर्थव्यवस्था तेज़ी से पटरी पर आ रही है. किसी एक तिमाही में ऐसी विकास दर एकीकृत जर्मनी में पहले कभी देखी नहीं गई है."
सांख्यिकीय एजेंसी 'यूरोसैट' ने बताया कि जून महीने में समाप्त हुई तिमाही में यूरो जोन की अर्थव्यवस्था एक फ़ीसदी की विकास दर से बढ़ी जबकि साल 2010 के पहले तीन महीनों में यह विकास दर महज 0.2 फ़ीसदी थी.
इस साल की दूसरी तिमाही में फ्रांस की अर्थव्यवस्था में 0.6 फ़ीसदी की तेज़ी रही जबकि पहले तीन महीनों में यह विकास दर 0.2 फ़ीसदी थी.
वहीं स्पेन की अर्थव्यवस्था में भी जून महीने में समाप्त तिमाही में 0.2 फ़ीसदी की विकास दर दर्ज की गई जबकि साल के पहले तीन महीने यह विकास दर 0.1 फ़ीसदी थी.












Click it and Unblock the Notifications