प्रधानमंत्री बनने में दोबारा असफल रहे प्रचंड (लीड-1)
काठमांडू, 23 जुलाई (आईएएनएस)। नेपाल में नए प्रधानमंत्री का चुनाव 'तमाशा' बनकर रह गया है। नेपाल के करिश्माई क्रांतिकारी नेता, माओवादियों के प्रमुख पुष्प कमल दहाल को शुक्रवार को करारा झटका लगा। पिछले 48 घंटे के भीतर दूसरी बार हुए प्रधानमंत्री पद के चुनाव में भी वह कामयाब नहीं हो पाए।
दो साल पहले भारी बहुमत से विजयी होने वाले माओवादी पार्टी के अध्यक्ष पुष्प कमल दहाल 'प्रचंड' बुधवार और शुक्रवार को हुए चुनाव में 599 सदस्यीय संसद में साधारण बहुमत भी हासिल नहीं कर सके, क्योंकि 200 से अधिक सांसदों ने विरोध स्वरूप मतदान में हिस्सा ही नहीं लिया।
प्रचंड शुक्रवार को मात्र 241 मत ही हासिल कर सके, जबकि 113 सांसदों ने उनके खिलाफ मतदान किया और 218 सांसदों ने मतदान में हिस्सा ही नहीं लिया। अलबत्ता शुक्रवार के चुनाव में उन्हें बुधवार के चुनाव के बदले एक मत कम मिले। बुधवार को उन्हें 242 मत मिले थे।
अब दो अगस्त को उनके पास एक और मौका है। संभवत: उस दिन फिर से चुनाव हो।
बुधवार को प्रधानमंत्री पद के लिए हुए मतदान में दोनों उम्मीदवार- माओवादी पार्टी के अध्यक्ष पुष्प कमल दहाल 'प्रचंड' और नेपाली कांग्रेस (एनसी) के रामचंद्र पौडेल आवश्यक बहुमत हासिल करने में विफल रहे थे।
नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी-एकीकृत मार्क्सवादी लेनिनवादी (यूएमएल) ने दोबारा मतदान की पूर्व संध्या पर चेतावनी दी थी कि वे दोनों उम्मीदवारों में से किसी का भी समर्थन नहीं करेंगे।
यूएमएल के प्रमुख और पूर्व उम्मीदवार झालानाथ खनाल ने प्रचंड और पौडेल दोनों से आग्रह किया था कि वे अपना नामांकन वापस ले लें ताकि ताजा बातचीत शुरू हो सके।
यूएमएल तीसरा सबसे बड़ा राजनीतिक दल है, जिसके 109 सांसद हैं। इनकी अनुपस्थिति की स्थिति में दोनों प्रत्याशियों में से किसी को भी आवश्यक दो तिहाई बहुमत प्राप्त होने के आसार नहीं हैं।
संसद की 25 में से आधी पार्टियों ने बुधवार को दोनों उम्मीदवारों पर राष्ट्रीय हित की कीमत पर सत्ता हासिल करने का प्रयास करने का आरोप लगाया और वे मतदान से अनुपस्थित रहीं।
प्रचंड और पौडेल के 601 सदस्यीय संसद में आधे वोट हासिल करने में विफलता के बाद संसदीय सचिवालय ने कहा कि चुनाव बहिष्कार में शामिल पार्टियों का समर्थन हासिल करके किसी उम्मीदवार के साधारण बहुमत पाने में कामयाब होने तक चुनाव प्रक्रिया जारी रहेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications