सोपोर में फिर गोली चली

भारत प्रशासित कश्मीर के सोपोर ज़िले में कर्फ़्यू के बीच लोग फिर प्रदर्शन के लिए सड़कों पर उतर आए और सुरक्षाबलों ने गोलियाँ चलाई. इस गोलीबारी में एक नवयुवक की मौत होने की ख़बरें हैं.
इस बीच हुर्रियत कॉन्फ़्रेंस के दोनों धड़ों ने 'सोपोर चलो' का आव्हान किया है.
हुर्रियत कॉन्फ़ेंस के गिलानी धड़े ने 'कश्मीर छोड़ो' के नारे के साथ सोमवार और मंगलवार को प्रदर्शन करने की घोषणा की है.
राज्य प्रशासन ने अगले दो दिन स्कूल कॉलेज बंद रखने की घोषणा की है.
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को राजधानी श्रीनगर से 50 किलोमीटर उत्तर सोपोर में भारत विरोधी प्रदर्शन के दौरान पुलिस फ़ायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई थी और तीन लोग घायल हो गए थे.
पुलिस फ़ायरिंग के विरोध में शनिवार को कश्मीर बंद का आह्वान किया था और इसके बाद प्रशासन ने वहाँ कर्फ़्यू लगाने की घोषणा की थी.
अधिकारियों के अनुसार कर्फ़्यू के बीच सोपोर में शाम को लोग सड़कों पर निकल आए और प्रदर्शन करने लगे.
उनका कहना है कि सीआरपीएफ़ के जवानों ने प्रदर्शनकारियों पर गोलियाँ चलाईं जिसमें एक नवयुवक की मौत हो गई.
'कश्मीर छोड़ो' और 'सोपोर चलो' आंदोलनों की घोषणा के बीच सरकार ने सोमवार और मंगलवार को स्कूल कॉलेज बंद रखने का निर्णय लिया है.
उल्लेखनीय है कि भारतीय सेना के लिए कश्मीर छोड़ो आंदोलन को लेकर सोमवार को छात्रों को प्रदर्शन करना था जबकि मंगलवार को छात्राओं को.
'सोपोर चलो' या सोपोर मार्च को हुर्रियत कॉन्फ़्रेंस के कट्टरपंथी गिलानी गुट और नरमपंथी मीरवाइज़ गुट दोनों का समर्थन है.
वहाँ शुक्रवार को गोलीबारी में दो लोगों की मौत के विरोध में सोपोर मार्च का आह्वान किया गया है.












Click it and Unblock the Notifications