पाकिस्तान का भारत पर फिर से निशाना

सरकारी बयान के मुताबिक़ यूसुफ़ रज़ा गिलानी ने पाकिस्तान के दौरे पर आए अफ़ग़ानिस्तान के विदेश मंत्री ज़ुलमे रसूल से मुलाक़ात के दौरान ये बातें कहीं.उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान ये आरोप लगाता रहा है कि भारत बलोचिस्तान में हस्तक्षेप कर रहा है और इसके लिए अफ़ग़ानिस्तान की धरती का इस्तेमाल किया जा रहा है.
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री की तरफ़ से ये बयान ऐसे समय आया है जब भारत के गृह मंत्री पी चिदंबरम पाकिस्तान के दौरे पर हैं.बयान के मुताबिक़ पाकिस्तान ने आश्वासन दिया कि वो अफ़ग़ानिस्तान के आंतरिक मामलों में किसी भी तरह का हस्तक्षेप नहीं करना चाहता.उन्होंने ये ज़रूर कहा कि अगर अफ़ग़ानिस्तान चाहेगा तो तालिबान को देश की मुख्यधारा में लाने के लिए पाकिस्तान उसकी मदद करने को तैयार है.
प्रधानमंत्री दफ़्तर से जारी बयान के अनुसार अफ़ग़ानी विदेश मंत्री ने गिलानी को यक़ी़न दिलाया कि अफ़ग़ानिस्तान कभी भी किसी भी देश को पाकिस्तान के ख़िलाफ़ अपनी धरती का इस्तेमाल नहीं करने देगा.ज़ुलमे रसूल ने कहा कि पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के संबंध बहुत अहम हैं और पाकिस्तान की मदद के बग़ैर अफ़ग़ान सरकार देश में शांति स्थापित करने में सफल नहीं हो सकती.
अफ़ग़ानिस्तान के विदेश मंत्री ज़ुलमे रसूल इस साल के शुरू में अपना पद संभालने के बाद पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरेशी के आमंत्रण पर पहली बार दो दिन के दौरे पर गुरूवार को पाकिस्तान पहुंचे.अफ़ग़ानी विदेश मंत्री का ये दौरा अफ़ग़ानिस्तान में अमरीकी सेना के मुखिया के बदले जाने के बाद काफ़ी अहम माना जा रहा है
पाकिस्तानी विदेश मंत्री से मुलाक़ात के बाद शुक्रवार को एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में दोनों देशों के विदेश मंत्रियों ने कहा कि क्षेत्रिय सुरक्षा औऱ चरमपंथ के ख़िलाफ़ लड़ाई के लिए दोनों देशों ने आपसी सहयोग बढ़ाने का फ़ैसला किया है.अफ़ग़ानिस्तान के विदेश मंत्री ने अपने दौरे के दौरान अपने हमकक्ष के अलावा पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ़ अली ज़रदारी और सेना प्रमुख अशफ़ाक़ परवेज़ कियानी से भी मुलाक़ात की.












Click it and Unblock the Notifications