भारत-पाक एलओसी पर गोलीबारी

बीबीसी संवाददाता, जम्मू
भारत प्रशासित कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर भारतीय और पाकिस्तानी सैनिकों के बीच हुई गोलीबारी में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ़) का एक जवान घायल हो गया है. गोलीबारी की यह घटना पूंछ ज़िले में हुई. भारतीय सेना ने कहा है कि पाकिस्तान ने बिना किसी उकसावे के गोलाबारी की, जिसका भारतीय सैनिकों ने जवाब दिया.
उन्होंने पाकिस्तान की ओर से हुई गोलीबारी को संघर्षविराम का उल्लंघन बताया. ब्रिगेडियर गुरदीप सिंह के मुताबिक़ शनिवार की शाम पूंछ ज़िले में नियंत्रण रेखा पर स्थित नांगी टेकरी चौकी पर पाकिस्तानी सैनिकों ने गोली चलाई.
उन्होंने बताया कि इस गोलीबारी में बीएसएफ़ का एक जवान घायल हो गया है. ब्रिगेडियर गुरदीप सिंह ने बताया, "हमारे सैनिकों ने भी जवाबी गोलीबारी की. गोलीबारी क़रीब दो घंटे तक चली. यह पाकिस्तान की ओर से संघर्षविराम के उल्लंघन का एक और मामला है."
उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की और सेना यह पता लगा रही है कि कहीं ये गोलीबारी की आड़ में घुसपैठियों को भारतीय क्षेत्र में भेजने की कोशिश तो नहीं थी. रात नौ बजे के बाद गोलीबारी बिल्कुल बंद हो गई. सेना ने उस इलाक़े में खोजी अभियान चलाया है और नियंत्रण रेखा के आसपास सैनिकों को पूरी तरह चौकस रखा गया है.
नवंबर 2003 में भारत और पाकिस्तान संघर्षविराम के लिए सहमत हुए थे. रक्षा मंत्रालय के मुताबिक़ वर्ष 2006 से दिसंबर 2009 तक संघर्षविराम उल्लंघन की 125 से ज़्यादा घटनाएँ हुई हैं. मंत्रालय का ये भी दावा है कि गोलीबारी की ज़्यादातर घटनाएँ चरमपंथियों को भारतीय क्षेत्र में घुसाने के मक़सद से हुई.












Click it and Unblock the Notifications