बिल्ली का आतंक

क्या आपने कभी बिल्ली के ख़ौफ़ के बारे में सुना है? वो भी एक बूढ़ी बिल्ली के हमले के डर से जब कोई काम ही रोक दिया जाय.
ब्रिटेन में डाक बांटने वाली कंपनी रॉयल मेल ने अपने कर्मचारियों पर एक बूढ़ी बिल्ली के हमले के बाद लीड्स के एक मकान में पत्र पहुँचाना बंद कर दिया है.
फार्सले में हाई बैंक स्ट्रीट स्थित एक घर में रहने वाली बिल्ली ने कई बार डाकिए पर हमला किया.
मकान की मालकिन ट्रेसी ब्रेशा को अब रॉयल मेल के फैसले के बाद पास के कार्यालय जाकर अपना डाक इकट्ठा करना पड़ेगा.
ट्रेसी ने रॉयल मेल के इस फैसले पर कहा, “यह थोड़ा मूर्खतापूर्ण कदम है.”
43 वर्षीया ट्रेसी एक डिस्पेंसरी चलाती हैं.
बिल्ली है, कोई दानव नहीं
ट्रेसी ने कहा, “ऐसी तीन घटनाएं हुईं हैं जब बिल्ली अपने पिंजरे से बाहर कूद गई. और उसने डाक बांटने वाले एक कर्मचारी को पंजे मार दिए. इसके पहले इसकी तरफ से ऐसी कोई भी वारदात नहीं हुई है.”
ट्रेसी ब्राशा की 17 वर्षीया बेटी एमी ने कहा, “इस बिल्ली को पेड़ों पर चढ़ना और धूप में लेटना पसंद है. लेकिन डाकिए पर हमला करने के बाद तीन हफ़्ते से हमारे डाक पत्रों की डिलिवरी रोक दी गई है.”
एमी ने कहा, “इस बिल्ली को अपने दायरे में ही रहना काफी पसंद है. हमें लगता है कि उसकी सेहत थोड़ी बिगड़ गई है.”
एमी ने बताया, “आधी रात को वह म्याऊं करते हुए उठती है. इसका मक़सद महज अपनी तरफ ध्यान खींचना होता है. वह कोई दानव नहीं है.”
रॉयल मेल ने अपने बयान में कहा, “मिसेज़ ब्राशा को होने वाली दिक्कतों को लेकर हम क्षमा चाहते हैं. हम जल्द से जल्द उन्हें डाक भेजना शुरू करेंगे. हमारी यह भी कोशिश होगी कि हमारे कर्मचारियों को पहले जैसी चोटें न झेलनी पड़े.”












Click it and Unblock the Notifications