यौन शोषण मामले में पोप की माफ़ी

पोप बेनेडिक्ट ने आयरलैंड में कैथलिक पादरियों द्वारा बच्चों के यौन शोषण के मामले में पीड़ितों से माफ़ी माँगी है.
आयरलैंड में कैथलिक समुदाय के लोगों को एक पत्र में पोप ने कहा कि पीड़ित और उनके परिवार चर्च को लेकर छले जाने का जो भाव महसूस कर रहे हैं उसे वे समझ सकते हैं.
पोप ने कहा कि बच्चों के यौन शोषण के संबंध में पादरियों से ‘गंभीर ग़लतियाँ’ हुई हैं.
यौन शोषण के मामले पर पिछले कई दशकों में इस तरह का ये पहला सार्वजनिक बयान है.
आइरिश कैथलिक चर्च में बच्चों के यौन शोषण के कई मामले सामने आए थे. जर्मनी समेत कई अन्य देशों में भी कैथलिक पादरियों से जुड़े कांड सामने आए हैं.
'जवाब देना होगा'
पीड़ितों को संबोधित करते हुए पोप ने अपने पत्र में लिखा है, “आप लोगों को बहुत कुछ सहन करना पड़ा है. मैं तहे दिल से माफ़ी माँगता हूँ.”
पोप ने लिखा है कि जो लोग दोषी हैं उन्हें ‘भगवान और ट्राइब्यूनल के सामने अपने गुनाहों के लिए जवाब देना होगा.’
अपने पत्र में पोप बेनेडिक्ट ने किसी भी बिशप के त्यागपत्र की माँग नहीं की है हालांकि कुछ लोगों ने ख़ुद से हटने की बात की है.
हालांकि पोप ने कहा है कि वैटिकन अधिकारी आयरलैंड का दौरा करेंगे लेकिन उन्होंने आयरलैंड में चर्च में ढाँचा बदलने की बात नहीं की.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि पीड़ितों के अधिकारों के लिए लड़ रहे जो गुट पोप से ये आश्वासन चाहते हैं कि पादरी इस तरह के मामलों को दबाने की कोशिश नहीं करेंगे, उन्हें निराशा हाथ लगेगी.












Click it and Unblock the Notifications