'अफ़ग़ानिस्तान मुद्दे पर भारत दबाव में नहीं'

अमरीकी दौरे पर गईं भारतीय विदेश सचिव निरुपमा राव ने स्पष्ट किया है कि भारत अफ़ग़ानिस्तान में अपना मानवीय विकास कार्यक्रम बंद नहीं करेगा. न्यूयॉर्क में पत्रकारों से बात करते हुए निरुपमा राव ने कहा कि पड़ोसी देश अफ़गानिस्तान में शांति बहुत ज़रूरी है और वह चरमपंथियों के आगे नहीं झुकेगा.
कुछ दिनों पहले अफ़ग़ानिस्तान में हुए हमले में सात भारतीय मारे गए थे और इसके बाद इस तरह की ख़बरें आ रही थीं कि भारत अफ़ग़ानिस्तान में अपनी भूमिका कम कर सकता है लेकिन सरकार ने इसका खंडन किया था. बीबीसी के न्यूयॉर्क स्थित संवाददाता सलीम रिज़वी ने कहा कि वॉशिंगटन में अमरीकी अधिकारियों के साथ बातचीत में निरुपमा राव ने अफ़ग़ानिस्तान में भारत की भूमिका स्पष्ट की.
निरुपमा राव का कहना था," अफ़ग़ानिस्तान और भारत के बहुत पुराने संबंध हैं. हम अफ़ग़ानिस्तान में अपनी भूमिका घटाने के दबाव में नहीं आएंगे. लोकतांत्रिक और प्रगतिशील अफ़ग़ानिस्तान भारत के हित में है. उन्होंने कहा कि अफ़ग़ानिस्तान के विकास के लिए भारत जो भी कार्यक्रम चला रहा है वो जारी रहेगा.
मुंबई हमलों की साजिश रचने के आरोप में अमरीका में गिरफ़्तार डेविड हेडली के बयान बदलने संबंधी आशंका के बारे में पूछे जाने पर विदेश सचिव ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया.












Click it and Unblock the Notifications