हर्ट लॉकर और अवतार में मुक़ाबला

वर्ष 2010 के लिए ऑस्कर पुरस्कारों की दौड़ शुरू हो चुकी है. सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म पुरस्कार के लिए 'द हर्ट लॉकर' और 'अवतार' के बीच कड़ी टक्कर है.
साल के शुरुआत में जेम्स कैमरून की फ़िल्म 'अवतार' सबसे पसंदीदा फ़िल्म के तौर पर सामने आई थी और कहा जा रहा था कि सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म का पुरस्कार इसी को मिलेगा.
इस फ़िल्म ने बॉक्स ऑफ़िस पर दो अरब डॉलर से अधिक की कमाई की थी.
लेकिन अब उनकी पूर्व पत्नी कैथरीन बिगलो की फ़िल्म 'द हर्ट लॉकर' के बारे में कहा जा रहा है कि पुरस्कार उनकी झोली में जा सकता है.
अगर इस फ़िल्म को सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म का पुरस्कार मिल जाता है तो यह ऑस्कर के इतिहास में सबसे कम कमाई करने वाली बेस्ट पिक्चर अवार्ड विजेता होगी. फ़िल्म ने लगभग एक करोड़ 50 लाख डॉलर की कमाई की है.
82वें अकादमी पुरस्कार में दोनों ही फिल्में अगली क़तार में हैं. दोनों ही फ़िल्मों को नौ-नौ नामांकन मिले हैं.
एक तरफ़ सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म के पुरस्कार की दौड़ में कुल 10 फिल्में हैं. इस बार वोटिंग प्रक्रिया में भी बदलाव लाया गया है.
इस स्थिति में कोई भी फ़िल्म सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म का पुरस्कार जीत कर अचंभित कर सकती है.
दूसरे विश्व युद्ध की फैंटेसी पर आधारित और आठ बार नामांकित फ़िल्म 'इनग्लोरियस बॉस्टर्ड्स' को वोट बंटने की प्रक्रिया से फ़ायदा मिल सकता है.
बिगलो की दावेदारी
सर्वश्रेष्ठ निर्देशक की श्रेणी में भी कैमरून और बिगलो ने एक दूसरे को टक्कर दी है जिसमें बिगलो के जीतने की संभावना अधिक बताई जा रही है.
अमरीकी अख़बार हॉलीवुड रिपोर्टर ने सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म और निर्देशक दोनों ही श्रेणी में बिगलो के जीत की भविष्यवाणी की है.
अगर बिगलो को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिल जाता है तो यह पुरस्कार जीतने वाली वह पहली महिला होंगी.
ऑस्कर पुरस्कारों के इतिहास में अभी तक सिर्फ़ चार महिलाओं को इस श्रेणी में नामांकन मिला है.
इस बात की काफ़ी उम्मीद है कि जेफ़ ब्रिजेज को उनकी फ़िल्म क्रेजी हर्ट के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिलेगा.
60 वर्षीय जेफ़ ने पिछले साल गोल्डन ग्लोब और स्क्रीन एक्टर्स गिल्ड अवार्ड्स हासिल किए थे.
सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और अभिनेत्री की दौड़
इसी तरह उम्मीद की जा रही है कि अमरीकी फ़ुटबॉल ड्रामा द ब्लाइंड साइड के लिए सांड्रा बुलक को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिलेगा.
लेकिन यहां उनको मेरिल स्ट्रीप से कड़ी टक्कर मिल रही है. मेरिल को जूली ऐंड जूलिया में भूमिका के लिए रिकॉर्ड 16वीं बार ऑस्कर पुरस्कारों के लिए नामांकित किया गया है.
वहीं क्रिस्टोफ वाल्ट्ज अपनी फ़िल्म इनग्लोरियस बास्टर्ड् के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता और फिल्म प्रिशियस के लिए मूनिक सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार जीतने के पक्के दावेदार माने जा रहे हैं.












Click it and Unblock the Notifications