तेलंगाना बंद का आंशिक प्रभाव (लीड-1)
हैदराबाद के अधिकांश हिस्सों और नौ में से तीन जिलों में आम जीवन अप्रभावित रहा और राज्य सड़क परिवहन निगम ने अपनी अधिकांश बसों का संचालन किया।
परंतु मेढक, महबूबनगर, करीमनगर, वारंगल, निजामाबाद और आदिलाबाद जिलों में दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे।
वारंगल में प्रदर्शनकारियों ने छह बसों को क्षतिग्रस्त कर दिया और इसी जिले के भूपालपल्ली में स्थित कांग्रेस पार्टी के कार्यालय में आगजनी की।
सड़क परिवहन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उच्च न्यायालय के बस सेवाएं बहाल रखने के आदेश के कारण वे बसों का संचालन रोक नहीं सकते।
परिवहन निगम ने अपनी 60 बसों का संचालन किया और यात्रियों की कमी के कारण 20 से 25 प्रतिशत बसों को रोक दिया।
तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस), तेलुगू देशम पार्टी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और तेलंगाना समर्थक समूहों के कार्यकर्ताओं ने कई स्थानों पर प्रदर्शन किए और वाहनों को रोका।
ऐहतियात के तौर पर पुलिस ने शुक्रवार रात से कई तेलंगाना समर्थकों को गिरफ्तार किया।
छात्रों के हिंसक आंदोलन की आशंका से उस्मानिया विश्वविद्यालय में भारी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया। विश्वविद्यालय पृथक राज्य की मांग के आंदोलन का केंद्र बना हुआ है।
केंद्र सरकार द्वारा शुक्रवार को समिति के लिए घोषित सात कार्यक्षेत्रों के अनुसार पांच सदस्यीय समिति पृथक तेलंगाना के गठन और आंध्र प्रदेश के वर्तमान स्वरुप को कायम रखने की मांग पर भी विचार करेगी।
समिति को 31 दिसम्बर तक अपनी रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications