अमरीकियों की हत्या, 35 हिरासत में

पाकिस्तान की पुलिस ने कहा है कि बुधवार को अफ़ग़ानिस्तान की सीमा से सटे लोअर दीर में हुए धमाके में तीन अमरीकी सैनिकों के मारे जाने की घटना के सिलसिले में उसने 35 लोगों को हिरासत में लिया है
अमरीकी अधिकारियों ने कहा है कि उसके सैन्य अधिकारी पाकिस्तानी अर्धसैनिक बलों को प्रशिक्षण दे रहे थे.
लोअर दीर ज़िले में लड़कियों के एक स्कूल के बाहर धमाका हुआ था जिसमें तीन छात्राओं और तीन अमरीकी मरीन सैनिकों समेत दस लोग मारे गए थे. लगभग 70 लोग इस हमले में घायल हो गए थे.
जाँचकर्ताओं का मानना है कि हमलावर ने अमरीकियों के वाहन को समझ-बूझकर निशाना बनाया था. इस बात की भी जाँच हो रही है कि क्या सैन्य काफ़िले के बारे में जानकारी लीक हुई थी.
पाकिस्तान की सरकार ने पूर्व में भी माना है कि अमरीकी सैन्य प्रशिक्षक उसकी भूमि पर मौजूद हैं लेकिन पर्यवेक्षकों के अनुसार पाकिस्तान में यह एक संवेदनशील विषय है.
अनेक छात्राएँ हुईं घायल
धमाके में सेना के सात कर्मचारियों समेत क़रीब 70 लोग घायल हुए. इनमें से अधिकांश स्कूली छात्राएँ हैं.
इस इलाक़े में पिछले साल पाकिस्तान की सेना ने तालेबान के ख़िलाफ़ एक बड़ा अभियान चलाया था. इससे पहले भी तालेबान के लड़ाके अक्सर लड़कियों के स्कूल पर हमले करते रहते हैं.
बीबीसी संवाददाता इलियास ख़ान के अनुसार यह इलाक़ा तालेबान समर्थक सूफ़ी मोहम्मद और तालेबान की मज़बूत पकड़ वाला माना जाता है.












Click it and Unblock the Notifications