अब 10 सर्कुलर रोड में नहीं रहेगा लालू परिवार! राबड़ी देवी को क्यों मिला घर खाली करने का नोटिस?
Rabri Devi: बिहार की राजनीति का अहम केंद्र माने जाने वाले पटना के 10 सर्कुलर रोड आवास को लेकर एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को इस सरकारी बंगले को खाली करने का नोटिस जारी किया गया है। भवन निर्माण विभाग ने पत्र भेजकर कहा है कि यह आवास अब राज्य सरकार के मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित कर दिया गया है।
करीब दो दशक से ज्यादा समय से यह आवास राजद की राजनीति और लालू परिवार की गतिविधियों का मुख्य ठिकाना माना जाता रहा है। नोटिस सामने आने के बाद सत्ता पक्ष और राजद के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं। राजद ने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया है, जबकि सरकार का कहना है कि यह पूरी तरह विभागीय प्रक्रिया के तहत लिया गया फैसला है।

10 सर्कुलर रोड खाली करने का निर्देश
भवन निर्माण विभाग की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि राबड़ी देवी को पहले ही नया सरकारी आवास आवंटित किया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक उन्होंने 10 सर्कुलर रोड स्थित बंगला खाली नहीं किया है। विभाग ने उन्हें जल्द नया आवास ग्रहण करने और मौजूदा बंगला खाली करने को कहा है।
ये भी पढ़ें: कौन हैं IAS कुमार रवि? MNC की मोटी सैलरी छोड़ बने अफसर, नीतीश कुमार के सबसे भरोसेमंद अब निशांत की टीम में!
पहले ही मिल चुका है नया आवास
विभागीय जानकारी के मुताबिक, 25 नवंबर 2025 को जारी आदेश संख्या-122 के तहत नेता प्रतिपक्ष के लिए 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास आवंटित किया गया था। यह आवास राबड़ी देवी के नाम से पहले ही जारी हो चुका है। अब विभाग ने दोबारा पत्र जारी कर पुराने बंगले को खाली करने का अनुरोध किया है।
मंत्री नंदकिशोर राम को हुआ आवंटन
सरकार की ओर से जारी जानकारी में बताया गया है कि 27 मई 2026 के ज्ञापांक-4738(भ) के तहत 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित किया गया है। इसी कारण विभाग ने तत्काल कब्जा खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की है।
राजद की राजनीति का बड़ा केंद्र रहा बंगला
पटना का 10 सर्कुलर रोड पिछले करीब 20 साल से राजद की राजनीति का प्रमुख केंद्र माना जाता रहा है। लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव लंबे समय तक इसी आवास में रहे। तेज प्रताप यादव और तेजस्वी यादव की राजनीतिक शुरुआत भी इसी घर से हुई।
राबड़ी देवी जब मुख्यमंत्री थीं, उससे पहले वह 1 अणे मार्ग में रहती थीं। उस समय उनके भाई साधु यादव 10 सर्कुलर रोड में रहते थे। बाद में यह बंगला पूरी तरह लालू परिवार की राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बन गया।
परिवार की कई अहम घटनाओं का गवाह
यह बंगला सिर्फ राजनीति ही नहीं, बल्कि लालू परिवार की कई बड़ी घटनाओं का भी गवाह रहा है। तेज प्रताप यादव और ऐश्वर्या राय की शादी के बाद इसी घर में पारिवारिक विवाद की चर्चा हुई थी। दिसंबर 2019 में ऐश्वर्या राय ने घर से निकाले जाने और मारपीट के आरोप लगाए थे।
वहीं, नवंबर 2025 में रोहिणी आचार्य भी भावुक हालत में इसी आवास से बाहर निकलती नजर आई थीं। इन घटनाओं के कारण भी यह बंगला लगातार चर्चा में बना रहा।
राजद ने बताया राजनीतिक अपमान
राबड़ी देवी को नोटिस मिलने के बाद राजद ने सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि 20 साल से ज्यादा समय से यह आवास राबड़ी देवी के पास है और अचानक इसे किसी दूसरे मंत्री को देना राजनीतिक मानसिकता को दिखाता है।
उन्होंने कहा कि जब राबड़ी देवी खुद विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष हैं, तब इस तरह का फैसला उन्हें और राजद को अपमानित करने के लिए लिया गया है। राजद ने इसे "ओछी राजनीति" करार दिया।
सरकार ने क्या कहा
बिहार सरकार की मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि 10 सर्कुलर रोड अब मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित किया जा चुका है। इसलिए विभाग की ओर से नियम के अनुसार राबड़ी देवी को नोटिस भेजा गया है। सरकार का कहना है कि यह सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया है।












Click it and Unblock the Notifications