Vaibhav Sooryavanshi: रजवाड़ों की टीम का अकेला राजा, एक ही मैच में वैभव सूर्यवंशी ने बनाए 9 रिकॉर्ड

Vaibhav Sooryavanshi: आईपीएल 2026 के क्वालीफायर मुकाबले में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से हर किसी को हैरान कर दिया। गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए अहम मैच में उन्होंने 96 रनों की तूफानी पारी खेली। हालांकि वह शतक से सिर्फ चार रन दूर रह गए, लेकिन इस दौरान उन्होंने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी।

उनकी इस पारी ने ना सिर्फ राजस्थान रॉयल्स को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, बल्कि आईपीएल इतिहास की रिकॉर्ड बुक में भी कई नए अध्याय जोड़ दिए। आइए जानते हैं वैभव सूर्यवंशी द्वारा बनाए गए उन 9 बड़े रिकॉर्ड्स के बारे में, जो हैरान करने वाले हैं।

Vaibhav Sooryavanshi

सबसे कम उम्र में 700 रन

सबसे पहले वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में 700 रन पूरे कर इतिहास रच दिया। वह आईपीएल के एक सीजन में 700 रन बनाने वाले पहले किशोर खिलाड़ी बन गए। इतना ही नहीं, किसी भी अनकैप्ड खिलाड़ी ने उनसे पहले आईपीएल के एक संस्करण में यह उपलब्धि हासिल नहीं की थी। फिलहाल सूर्यवंशी 776 रनों के साथ ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे बने हुए हैं।

सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड ध्वस्त

इस सीजन में उनका स्ट्राइक रेट भी रिकॉर्डतोड़ रहा है। 700 से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में वैभव का 237.30 का स्ट्राइक रेट आईपीएल इतिहास का सबसे बेहतरीन स्ट्राइक रेट बन चुका है। इससे पहले यह रिकॉर्ड सूर्यकुमार यादव के नाम दर्ज था, लेकिन वैभव ने उसे पीछे छोड़ दिया।

पावरप्ले में 500 रन

पावरप्ले में भी उनका बल्ला जमकर गरजा। वैभव आईपीएल इतिहास के पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए जिन्होंने एक सीजन में 500 पावरप्ले रन पूरे किए। इससे पहले डेविड वॉर्नर ने 2016 में 467 रन बनाकर रिकॉर्ड कायम किया था, जिसे अब वैभव ने तोड़ दिया।

सबसे तेज हजार रन

इस मैच के दौरान वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल करियर के 1000 रन भी पूरे कर लिए। खास बात यह रही कि उन्होंने सबसे कम गेंदों में इस आंकड़े तक पहुंचने का रिकॉर्ड बनाया। वह 500 गेंदों से कम में 1000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड आंद्रे रसेल के नाम था।

करियर स्ट्राइक रेट में उछाल

1000 से ज्यादा आईपीएल रन बनाने वाले बल्लेबाजों में अब वैभव का स्ट्राइक रेट सबसे ज्यादा हो गया है। उनका करियर स्ट्राइक रेट 228.5 पहुंच चुका है, जो इस सूची में किसी भी बल्लेबाज से काफी आगे है।

पारियों के हिसाब से 1000 रन में दूसरे नंबर पर

सिर्फ 23 पारियों में 1000 रन पूरे करके वैभव ने सबसे तेज भारतीय बल्लेबाज बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। आईपीएल इतिहास में केवल शॉन मार्श ही उनसे आगे हैं, जिन्होंने 21 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी।

तीन बार नर्वस नाइनटीक का शिकार

हालांकि वैभव इस मुकाबले में शतक से चूक गए। वह 96 रन बनाकर आउट हुए और यह पिछले चार मैचों में तीसरी बार रहा जब वह 90 के स्कोर के पार जाकर शतक नहीं बना सके। आईपीएल के एक सीजन में तीन बार नर्वस नाइनटीज का शिकार बनने वाले वह दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले 2014 में ग्लेन मैक्सवेल ऐसा कर चुके हैं।

प्लेऑफ़ का धाकड़ कीर्तिमान

प्लेऑफ मुकाबलों में भी वैभव ने खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह आईपीएल प्लेऑफ इतिहास में दो बार 90+ स्कोर बनाने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बने। इससे पहले यह उपलब्धि मुरली विजय ने हासिल की थी। वहीं एक ही सीजन के प्लेऑफ में दो बार 90 से ज्यादा रन बनाने वाले वह पहले खिलाड़ी बन गए हैं।

आईपीएल करियर का सबसे धीमी फिफ्टी

दिलचस्प बात यह रही कि इस मुकाबले में वैभव ने 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो उनके आईपीएल करियर का सबसे धीमा अर्धशतक रहा। इससे पहले उन्होंने कभी 30 से ज्यादा गेंदों में फिफ्टी नहीं बनाई थी। बावजूद इसके, उनकी 96 रन की पारी ने मैच का पूरा रुख बदल दिया और एक बार फिर साबित कर दिया कि भारतीय क्रिकेट को भविष्य का एक बड़ा सुपरस्टार मिल चुका है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+