इराक़ युद्ध पर ब्लेयर की गवाही

इराक़ युद्ध पर ब्लेयर की गवाही

ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर ने कहा है कि 11 सितंबर 2001 को अमरीका पर हुए हमले के बाद सद्दाम हुसैन की ओर से ख़तरों के प्रति ब्रिटेन के रुख़ में बड़ा बदलाव आया.

इराक़ युद्ध की जाँच कर रही समिति के सामने अपनी गवाही में ब्लेयर ने कहा कि पहले उनकी नीति क़ाबू करने की थी, लेकिन हमले के बाद ख़तरा बढ़ गया.

टोनी ब्लेयर ने इससे भी इनकार किया कि इराक़ पर हमला करने के लिए वर्ष 2002 में तत्कालीन अमरीकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश से उनका कोई 'गुप्त समझौता' हुआ था.

उन्होंने कहा कि वर्ष 2002 में बुश से उनकी निजी मुलाक़ात में जो भी विचार-विमर्श हुआ था, वो छिपी हुई बात नहीं है.

कार्रवाई

ब्लेयर ने कहा कि उन्होंने जॉर्ज बुश को कहा था कि हमें सद्दाम हुसैन के सामूहिक विनाश के हथियारों से निपटना है और इसका मतलब सत्ता बदलना भी हो, तो हो.

जाँच समिति के प्रमुख सर जॉन चिल्कॉट ने सवाल-जवाब का सिलसिला शुरू करते हुए कहा कि ये जाँच कोई मुक़दमा नहीं है, लेकिन जिन लोगों ने इराक़ में अपने परिजनों को खोया है, वे जवाब चाहते हैं.

उन्होंने कहा कि लोग ये जवाब चाहते हैं कि ब्रिटेन इराक़ में सैनिक कार्रवाई को लेकर प्रतिबद्ध क्यों था.

समिति सदस्यों के सवालों के जवाब में पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर ने स्पष्ट किया कि 11 सितंबर को अमरीका पर हुए हमले ने सद्दाम हुसैन से ख़तरे के प्रति सोच को बदल दिया.

आरोप

टोनी ब्लेयर ने सद्दाम हुसैन पर 11 सितंबर के हमलों में शामिल होने का कोई आरोप तो नहीं लगाया लेकिन इतना ज़रूर कहा कि रसायनिक, जैविक और परमाणु हथियार के प्रसार से ख़तरा बढ़ गया था.

अपनी गवाही में उन्होंने कहा कि 11 सितंबर के बाद इन सब चीजों को ख़त्म तो करना ही था.

ब्लेयर ने पिछले साल बीबीसी को दिए उस इंटरव्यू से अपने को अलग करने की कोशिश की, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर उस समय उन्हें यह भी पता चलता कि सद्दाम हुसैन के पास सामूहिक विनाश के हथियार नहीं हैं, तब भी वे सद्दाम हुसैन के हटाए जाने को सही समझते.

इस मामले में जाँच समिति के सामने ब्लेयर ने कहा, "इंटरव्यू के मामले में अपने तमाम अनुभवों के बावजूद इससे यही संकेत मिलता है कि मुझे अब भी कुछ सीखना है."

ब्लेयर ने स्पष्ट किया कि इंटरव्यू में उन्होंने जो भी कहा, उसका मतलब इराक़ युद्ध में शामिल होने के अपने तर्क के आधार को बदलना नहीं था.

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+