बिहार में हरित इमारतों के निमार्ण में सहायता देगी जर्मन एजेंसी
पटना, 24 जनवरी (आईएएनएस)। जर्मनी की एक सरकारी एजेंसी बिहार में हरित इमारतों के निर्माण में सहायता देने जा रही है। राज्य इस प्रक्रिया में हासिल कार्बन क्रेडिट को विकसित देशों को बेच सकता है।
राज्य सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि ऊर्जा प्रभावी इमारतों के निर्माण में मदद के तरीकों पर एक रिपोर्ट तैयार करने के लिए जर्मन विकास एजेंसी ड्यूश गेसेलसाफ्ट फर टेक्नीक जुसामेनारबेइट (जीटीजेड) के एक दल ने कुछ समय पहले राज्य का दौरा किया।
बिहार कला और संस्कृति विभाग के सचिव विवेक सिंह ने आईएएनएस बताया कि अधिक से अधिक हरित इमारतों के निर्माण की परियोजना पर कार्य आगे बढ़ाने के लिए जीटीजेड के एक अन्य दल का अगले हफ्ते बिहार आने का कार्यक्रम है।
उन्होंने कहा, "जीटीजेड हमें विशेषज्ञ सहायता और अन्य विशेष सेवाएं उपलब्ध कराएगा। राज्य सरकार पूरे राज्य में हरित इमारतों का निर्माण कराएगी।"
सिंह ने कहा कि राजधानी पटना में एक संग्रहालय भवन और नालंदा जिले के ऐतिहासिक स्थल राजगीर में एक सम्मेलन केंद्र के निर्माण के साथ राज्य में परियोजना का शुभारंभ होगा। अगली कार्यसूची में मोइनुल हक स्टेडियम का नवीकरण कराया जाएगा।
डिजाइन और निर्माण के माध्यम से इमारतों के ऊर्जा बचत प्रदर्शित करने के बाद यह ऊर्जा बचत कार्बन क्रेडिट में बदल जाएगी और इसे अंतर्राष्ट्रीय बाजार में बेचा जाएगा। विकसित देशों जिन्हें क्योटो प्रोटोकाल के तहत अपने उत्सर्जन को कम करना है, ग्रीनहाउस गैसों के अपने उत्सर्जन को समायोजित करने के लिए इसे खरीदेंगे।
सिंह ने कहा कि जीटीजेड कार्बन क्रेडिट की बिक्री में भी राज्य सरकार की मदद करेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications