Guru Randhawa के दिल्ली जिम पर ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाके में दहशत, Salman Khan का नाम आया सामने, क्या है मामला?
Guru Randhawa Gym Firing: पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री और बॉलीवुड के फेमस सिंगर गुरु रंधावा एक बार फिर सुर्खियों में हैं लेकिन इस बार वजह उनका कोई गाना या प्रोजेक्ट नहीं बल्कि एक चौंकाने वाली आपराधिक घटना है। आज यानी 11 जून 2026 (गुरुवार) सुबह दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में स्थित सिंगर के जिम के बाहर गोलीबारी की घटना सामने आई है, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
दिल्ली में गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग, इलाके में फैली दहशत
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार '24 HS Fitness Delhi' नाम से संचालित सिंगर गुरु रंधावा के इस जिम को निशाना बनाकर कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चलाईं। राहत की बात ये रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है लेकिन फायरिंग की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

बाइक सवार हमलावरों ने बनाया निशाना
-पुलिस को सुबह एक पीसीआर कॉल के जरिए घटना की जानकारी मिली। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बाइक पर आए दो लोगों ने जिम के बाहर पहुंचकर फायरिंग की। दोनों हमलावरों ने अपने चेहरे ढके हुए थे, जिससे उनकी पहचान तुरंत नहीं हो सकी।
-घटना के बाद स्थानीय पुलिस और जिला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी।
सोशल मीडिया पोस्ट से बढ़ा मामला
फायरिंग की घटना के कुछ समय बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल होने लगी। इस पोस्ट में खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताने वाले एक व्यक्ति ने घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। पोस्ट में गुरु रंधावा का नाम लेते हुए कहा गया है कि उन्हें पहले भी कथित तौर पर चेतावनी दी गई थी। हालांकि इस पोस्ट की सत्यता और इसके पीछे की वास्तविकता की जांच एजेंसियां कर रही हैं। फिलहाल पुलिस ने इस वायरल दावे को भी अपनी जांच का हिस्सा बनाया है।
सलमान खान से जुड़ रहा है पूरा मामला
सोशल मीडिया पर वायरल हुए कथित मैसेज में सलमान खान का भी जिक्र किया गया है, जिसके बाद ये मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है। दावा किया गया कि गुरु रंधावा की एक्टर सलमान खान से नजदीकियां इस घटना के पीछे की वजह हो सकती हैं। हालांकि अभी तक पुलिस या किसी जांच एजेंसी की ओर से इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
आखिर क्यों चर्चा में रहता है लॉरेंस बिश्नोई और सलमान खान विवाद?
आपको बता दें कि लॉरेंस बिश्नोई और सलमान खान के बीच विवाद का संबंध पुराने काले हिरण शिकार मामले से जोड़ा जाता है। बिश्नोई समुदाय काले हिरण को पवित्र मानता है और इसी मामले को लेकर कई बार सलमान खान को धमकियां मिलने की खबरें सामने आ चुकी हैं। पिछले कई सालों में सलमान खान और उनके करीबी लोगों को लेकर कई सुरक्षा अलर्ट जारी किए गए हैं। इसी कारण सलमान खान की सुरक्षा भी लगातार बढ़ाई गई और उन्हें उच्च स्तरीय सुरक्षा मुहैया कराई गई है।
जांच में जुटी पुलिस, सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क
-गुरु रंधावा के जिम पर हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। जांच एजेंसियां न केवल हमलावरों की तलाश कर रही हैं बल्कि वायरल सोशल मीडिया पोस्ट और उसके स्रोत की भी पड़ताल कर रही हैं।
-फिलहाल पुलिस का फोकस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी पर है। वहीं इस घटना ने एक बार फिर सेलिब्रिटीज की सुरक्षा और गैंगस्टर नेटवर्क की गतिविधियों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
बढ़ती घटनाओं ने खड़े किए सवाल
हाल के वर्षों में एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़े कई नामों को धमकियां मिलने और फायरिंग जैसी घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। गुरु रंधावा के जिम पर हुई ये वारदात भी उसी कड़ी का हिस्सा मानी जा रही है। अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि आखिर इस हमले के पीछे असली मकसद क्या था और इसके तार किन लोगों से जुड़े हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications