व्यापारिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए शर्मा चीन के दौरे पर
वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार चीन में पहले से मौजूद वाणिज्य मंत्री वहां के बाजार में भारतीय कंपनियों की अधिक से अधिक पहुंच बढ़ाने की कोशिश करेंगे। चीन भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार बन गया है। दोनों देशों के बीच व्यापार 45 अरब डॉलर तक पहुंच गया है।
एक अधिकारी ने कहा, "भारत इस बात को लेकर वाकई चिंतित है कि व्यापार का संतुलन बड़े पैमाने पर चीन की ओर झुक गया है। इसलिए उम्मीद है कि हमारे मंत्री अवरोधों को आसान बनाने पर ध्यान केंद्रित करेंगे, खासतौर से गैर टैरिफ अवरोधों पर।"
अधिकारी ने कहा, "बातचीत में चीनी श्रमिकों के लिए यहां रोजगार वीजा से संबंधित मुद्दे के शामिल होने के बारे में भी हमें जानकारी है। हमें उम्मीद है कि इसके लिए किसी तरह की कार्यपद्धति पर चर्चा की जा सकती है।"
शर्मा बीजिंग में जिन लोगों से बातचीत करेंगे, उनमें चीनी वाणिज्य मंत्री चेन डेमिंग शामिल हैं। शर्मा चीन में कारोबार कर रही भारतीय कंपनियों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे।
दोनों मंत्री भारत और चीन के बीच मंगलवार को आयोजित 8वें दौर के संयुक्त आर्थिक समूह में भी हिस्सा लेंगे। यह एक ऐसी पहल है, जो मार्च 2006 में हुई पिछली बैठक में सफल नहीं हो पाई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications