यात्री विमान में 'बम हमले की कोशिश'

सूत्रों का कहना है कि 278 यात्रियों को ले जा रहे इस विमान में एक यात्री ने एक विस्फोटक डिवाइस में विस्फोट करने के प्रयास में अपने आपको ज़ख़्मी कर लिया है लेकिन इससे किसी और को नुक़सान नहीं पहुँचा है.
एक पुलिस सूत्र ने समाचार एजेंसी एपी को बताया कि इस व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है और उसने बताया कि वह अल-क़ायदा के लिए काम करता है. क्रिसमस की छुट्टियाँ मना रहे राष्ट्रपति बराक ओबामा को तत्काल इस घटना की सूचना दी गई और उन्होंने देश के सभी हवाई अड्डों पर सुरक्षा बढ़ाने के आदेश दिए हैं.
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता बिल बर्टन ने कहा है कि राष्ट्रपति ओबामा स्थिति पर नज़र रखे हुए हैं. अमरीकी और डच मीडिया ने ख़बर दी है कि यह व्यक्ति नाइजीरिया का नागरिक है और वह लंदन में पढ़ता है.
'पैर में बंधा हुआ था'
नॉर्थवेस्ट एयरलाइन की उड़ान संख्या 253 जब डेट्रॉइट मेट्रोपोलिटन एयरपोर्ट पर उतरने वाला था, उसी समय यह घटना हुई. उस समय अमरीका में शुक्रवार को दोपहर का वक़्त था. अधिकारियों के अनुसार इस संदिग्ध व्यक्ति ने आग लगाने वाले किसी डिवाइस को शुरु करने की कोशिश की.
उसी विमान के एक यात्री का कहना है कि संदिग्ध व्यक्ति का एक पैर बुरी तरह से झुलस गया और एक समय पर अग्निशामक का प्रयोग भी करना पड़ा. सैयद ज़ाफ़री नाम के एक और यात्री ने समाचार एजेंसी एपी को बताया कि वह संदिग्ध व्यक्ति से तीन पंक्ति पीछे बैठा हुआ था और उसने एकाएक रोशनी देखी और फिर धुएँ की गंध आई.
उनका कहना है, "इसके बाद मेरे पीछे बैठा एक युवक उस पर झपट पड़ा." ज़ाफ़री के अनुसार, "इसके बाद तो वहाँ बदहवासी का माहौल था." एक अन्य यात्री के मुताबिक़ जब इस संदिग्ध व्यक्ति पर क़ाबू पाने की कोशिश की जा रही थी तो वह लगातार चीख़ रहा था और उसने सुना कि वह 'अफ़ग़ानिस्तान' कह रहा था.
उसका कहना है कि चीख़-पुकार के बाद उसे बाहर ले जाया गया और यह बहुत तेज़ी से हुआ. एबीसी टेलीविज़न नेटवर्क के अनुसार इस संदिग्ध व्यक्ति ने अमरीकी अधिकारियों को बताया है कि उसने अपने पैर में टेप से विस्फोटक बांध रखा था और उसने एक सिरिंज से उसमें एक रसायन डाला, इससे विस्फोट होना था.
एक और अधिकारी ने एपी से कहा है कि यह विस्फोटक किसी पाउडर में कोई द्रव्य रसायन को मिलाकर तैयार किया गया था. अमरीकी की केंद्रीय जाँच एजेंसी एफ़बीआई और केंद्रीय विमानन प्रशासन इस घटना की जाँच कर रहे हैं. विमान की जाँच करने के लिए रोबोट का सहारा भी लिया गया है.












Click it and Unblock the Notifications