औरकज़ई क्षेत्र में बमबारी,10 मरे
पाकिस्तान के क़बायली इलाक़े औरकज़ई क्षेत्र में लड़ाकू जेट विमानों ने बमबारी की है जिसमें 10 लोग मारे गए हैं जबकि आठ घायल हुए हैं.
अधिकारियों का कहना है कि चरमपंथियों के ठिकानों को निशाना बनाकर ये हमले किए गए थे, हालाँकि स्थानीय लोगों का कहना है कि मरने वालों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं.
पेशावरस्थित बीबीसी संवाददाता दिलावर ख़ान वज़ीर को एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार की सुबह निचले औरकज़ई इलाक़े के फ़िरोज़ख़ेल में दो संदिग्ध ठिकानों पर विमानों से बमबारी की गई जिसमें 10 चरमपंथी मारे गए हैं और आठ घायल हुए हैं.
अधिकारी ने बताया कि हमले में चार गाडियाँ पूरी तरह से नष्ट हो गई हैं.
'घर पर हमला'
उधर स्थानीय लोगों का कहना है कि फ़िरोज़ख़ेल के एक स्थानीय क़बायली नेता मलिक ज़करिया के घर पर बमबारी की गई है.
स्थानीय लोगों के अनुसार मारने वालों में तीन महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं.
चश्मदीदों का कहना है कि स्थानीय लोगों ने मलबे से लाशें और घायलों को निकाल लिया है.
मामूली ज़ख़्मियों को कलाई और बुरी तरह से ज़ख़्मियों को हंगू के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
ग़ौरतलब है कि दक्षिणी वज़ीरिस्तान में बेतुल्लाह महसूद समूह के स्थानीय तालेबान के ख़िलाफ़ सैनिक कार्रवाई के बाद अधिकतर चरमपंथी औरकज़ई, कुर्रम और ख़ैबर एजेंसियों में चले गए हैं जिसके मद्देनज़र अब उन इलाक़ों में सैन्य कार्रवाई तेज़ कर दी गई है.












Click it and Unblock the Notifications