चंद्रशेखर की हालत चिंताजनक,संसद में भी उठा मामला
अलग तेलंगाना राज्य की माँग पर आमरण अनशन कर रहे तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के चंद्रशेखर राव की हालत गंभीर बनी हहुई है. संसद में भी सदस्यों ने उनकी हालत पर चिंता जताई है और केंद्र सरकार से हस्तक्षेप करने के लिए कहा है.
चंद्रशेखर राव के अनशन का बुधवार को 11वां दिन है.वे हैदराबाद के निम्स अस्पताल में भर्ती हैं. बीबीसी संवाददाता उमर फ़ारुक़ के मुताबिक अस्पताल के निदेशक दासहरि प्रसाद राव ने कहा है, "अगर उन्होंने खाना शुरु नहीं किया तो जान का ख़तरा है."
इस बीच आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के कहा है कि केंद्र सरकार टीआरएस की माँगों पर विचार कर रही है और उन्होंने सोनिया गांधी से मुलाक़ात की है.
सोनिया गांधी से मिलने के लिए दिल्ली रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि तेलंगाना बेहद संवेदनशील मामला है और इस पर सावधानीपूर्वक विचार करने के लिए ज़रूरत है.
संसद में भी तेलंगाना और चंद्रशेखर राव की स्थिति का मामला उठाया गया. विभिन्न पार्टियों के नेताओं ने चंद्रशेखर राव की हालत पर चिंता जताई और कहा है कि केंद्र सरकार को हस्तक्षेप करना चाहिए.
भारतीय जनता पार्टी के नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने कहा, "कई पक्ष तेलंगाना का समर्थन कर रहे हैं. इसलिए केंद्र सरकार को कुछ पहल करनी चाहिए. हमें भी तेलंगान मुद्दे कि चिंता है पर साथ ही हम चंद्रशेखर राव से अपील करते हैं कि वे अपना अंशन तोड़ दें."
वहीं समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह का कहना था, "चंद्रशेखर राव की जान खतरे में हैं. इसलिए केंद्र सरकार मामले में हस्तक्षेप करे."
हैदराबाद में भी विधानसभा में तेलंगाना राष्ट्र समिति के सदस्यों ने माँग की कि सदन में तेलंगाना राज्य के गठन को लेकर प्रस्ताव पारित हो.
तनाव
तेलंगाना मामले को लेकर हैदराबाद में तनाव बना हुआ है. ख़ासकर उस्मानिया और काकतीय विश्वविद्यालय में. आँध्रप्रदेश पुलिस ने कहा है कि कुछ समाज विरोधी ताकतें भी इस विरोध प्रदर्शन के बहाने अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही हैं.
एहतियात के तौर पर हैदराबाद को जोड़ने वाली सड़कों पर चेकपोस्ट बनाए गए हैं और प्रशासन ने बाहरी लोगों से अपील की है कि वे गुरुवार को हैदराबाद न आएँ.
पूरे हैदराबाद में 18 हज़ार सुरक्षाकर्मी तैनात हैं.माओवादी समर्थक लोक कवि गदर ने अपील की है कि वे आमरण अनशन ख़त्म कर दें क्योंकि केंद्र सरकार चाहती है कि वे मर जाएँ.उन्होंने कहा कि ये समस्या तेलंगना की जनता की समस्या है.
टीआरएस के परिवार के लोग चंद्रशेखर राव को मनाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन उन्होंने अनशन तोड़ने से इनकार कर दिया है.
इस मुद्दे पर बुधवार को भी राज्य विधानसभा में जम कर हंगामा हुआ था.आगे की रणनीति पर चर्चा के लिए टीआरएस की पोलित ब्यूरो की बैठक हैदराबाद में होने वाली है.












Click it and Unblock the Notifications