चुनाव कार्यक्रम बहुत लंबा नहीं खींचना चाहिए : माकपा
चुनाव आयोग द्वारा बुलाई गई राजनीतिक दलों की बैठक में सौंपे गए पत्र में माकपा ने कहा है, "लोकसभा चुनावों के कार्यक्रमों को बहुत लंबा नहीं खींचना चाहिए। इसे तीन सप्ताह से अधिक नहीं होना चाहिए।"
बैठक में पोलित ब्यूरो सदस्य सीताराम येचुरी ने पार्टी का प्रतिनिधित्व किया।
माकपा ने जोर दिया कि केरल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में एक ही चरण में मतदान होना चाहिए जहां सामान्य तौर पर एक ही दिन में चुनाव होते रहे हैं।
"इन राज्यों में कई चरणों में मतदान कराने की कोई जरूरत नहीं है। यह केवल संसाधनों और सुरक्षा जरूरतों को फैलाएगा।"
पार्टी ने चुनाव आयोग से मतदाता सूची में गलतियों को सुधारने को कहा है।
पार्टी ने एक बयान में कहा है, "20 जनवरी 2009 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में काफी गलतियां है। सभी गलतियों को निश्चित रूप ठीक किया जाना चाहिए और बाकी के मतदाता सूचियों में लगती न हो इसके लिए सावधानी बरतनी होगी।"
पार्टी ने जोर दिया कि आम चुनावों के दौरान विकास कार्य रोकने के चलन पर अवश्य विचार किया जाना चाहिए और नरेगा (राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी कानून) जैसे कार्यक्रम प्रभावित नहीं होने चाहिए।
माकपा ने चुनाव आयोग से छुट्टी के दिनों में पार्टी की बैठक स्कूल या कॉलेज के भवनों में करने की अनुमति देने का अनुरोध किया।
पार्टी ने आयोग से बांग्लादेश की सीमा से लगे निर्वाचन क्षेत्रों में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के हस्तक्षेप को रोकने के लिए कदम उठाने को कहा।
माकपा ने कहा, "चुनाव आयोग द्वारा बीएसएफ को स्पष्ट दिशा निर्देश दिया जाना चाहिए। बीएसएफ को राजनीति और चुनावी मुद्दों में हस्तक्षेप करने की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications