Mumbai Metro: 90 KM के पार पहुंचा नेटवर्क, इस साल कौन-सी नई मेट्रो लाइन होंगी शुरू? चेक करें पूरा रोड मैप
Mumbai Metro: मुंबई की पहचान अब सिर्फ लोकल ट्रेनों तक सीमित नहीं रहा है। देश की आर्थिक राजधानी तेजी से एक ऐसे मेट्रो नेटवर्क की तरफ बढ़ रही है, जो आने वाले वर्षों में शहर की ट्रैफिक और यात्रा की तस्वीर पूरी तरह बदल सकता है।मुंबई में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार लगातार जारी है। हाल ही में एक्वा लाइन (मेट्रो लाइन-3) के पूरी तरह शुरू होने के बाद शहर का मेट्रो नेटवर्क 90 किलोमीटर से अधिक लंबा हो गया है।
इसके साथ ही मुंबई भारत का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क वाला शहर बन गया है। आने वाले वर्षों में 9 नई और विस्तारित मेट्रो परियोजनाओं के पूरा होने के बाद मुंबई का मेट्रो नेटवर्क 300 किलोमीटर से अधिक लंबा हो जाएगा। वहीं, इस साल के अंत तक मेट्रो नेटवर्क के करीब 120 किलोमीटर तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

फिलहाल कौन-कौन सी मेट्रो लाइनें हैं चालू?
मुंबई मेट्रो की कुल 14 प्रमुख लाइनें प्रस्तावित हैं, जिनमें से कई चरणबद्ध तरीके से शुरू हो चुकी हैं। सबसे पहले 2014 में ब्लू लाइन की मेट्रो लाइन-1 (वर्सोवा-घाटकोपर) शुरू हुई थी। इसके बाद करीब 8 साल तक कोई नई मेट्रो लाइन शुरू नहीं हो सकी। इस दौरान भूमि अधिग्रहण और निर्माण संबंधी चुनौतियों के कारण कई परियोजनाओं में देरी हुई।
साल 2022 में येलो लाइन की मेट्रो लाइन-2ए (दहिसर पूर्व से डहाणूकरवाड़ी) और रेड लाइन की मेट्रो लाइन-7 (दहिसर पूर्व से आरे) का संचालन शुरू हुआ।
2023 में इन दोनों लाइनों का विस्तार क्रमशः अंधेरी पश्चिम और गुंदावली तक किया गया। इसी दौरान नवी मुंबई मेट्रो लाइन-1 (बेलापुर-पेंढार) भी शुरू हुई।
Aqua Line बनी मुंबई की सबसे महत्वपूर्ण मेट्रो परियोजना
मुंबई की महत्वाकांक्षी भूमिगत मेट्रो लाइन-3 यानी एक्वा लाइन का पहला चरण 2024 में आरे जेवीएलआर से बीकेसी तक शुरू किया गया था। इसके बाद अक्टूबर 2025 में इसे कफ परेड तक बढ़ाकर पूरी तरह चालू कर दिया गया। यह मुंबई की सबसे ज्यादा इंटरकनेक्टेड मेट्रो लाइन मानी जा रही है, जो शहर के कई प्रमुख इलाकों को आपस में जोड़ती है।
2026 में शुरू हुईं कौन सी नई मेट्रो सर्विस?
साल 2026 में मुंबई को दो और महत्वपूर्ण मेट्रो लाइनें मिलीं। येलो लाइन की मेट्रो लाइन-2बी का पहला चरण मंडाले से डायमंड गार्डन तक शुरू किया गया। इसके अलावा रेड लाइन के विस्तार के रूप में मेट्रो लाइन-9 (दहिसर से मीरा-भायंदर) भी चालू हो गई। इससे उत्तरी उपनगरों में रहने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिली है और लोकल ट्रेनों पर दबाव कम हुआ है।
कौन सी नई लाइनें हो सकती हैं शुरू?
मुंबई में ग्रीन लाइन के तहत मेट्रो लाइन-4 (वडाला से कासारवडवली), लाइन-4ए (कासारवडवली से गायमुख), लाइन-10 (गायमुख से शिवाजी चौक) और लाइन-11 (वडाला से बीकेसी होते हुए गेटवे ऑफ इंडिया) का निर्माण कार्य जारी है।
इनमें से मेट्रो लाइन-4 के पहले चरण का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इसके नवंबर 2026 तक शुरू होने की संभावना है। वहीं पिंक लाइन के तहत बन रही मेट्रो लाइन-6 (लोखंडवाला से विक्रोली/जोगेश्वरी क्षेत्र) के भी इसी वर्ष शुरू होने की उम्मीद है।
कौन से नई मेट्रो लाइनों के प्रोजेक्ट हैं?
मुंबई महानगर क्षेत्र में भविष्य के लिए कई नए प्रोजेक्ट प्रस्तावित हैं। इनमें ऑरेंज लाइन के तहत मेट्रो लाइन-5 और लाइन-12 शामिल हैं, जो ठाणे, भिवंडी, कल्याण और नवी मुंबई को जोड़ेंगी।
इसके अलावा तीन नई प्रमुख मेट्रो लाइनें भी प्रस्तावित हैं
- गोल्ड लाइन मेट्रो लाइन-8 (मुंबई एयरपोर्ट से नवी मुंबई एयरपोर्ट)
- पर्पल लाइन मेट्रो लाइन-13 (मीरा रोड से विरार)
- मैजेंटा लाइन मेट्रो लाइन-14 (कांजुरमार्ग से बदलापुर)
इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने के बाद मुंबई का मेट्रो नेटवर्क 300 किलोमीटर से अधिक लंबा हो जाएगा और शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
मुंबई बनेगी देश के सबसे बड़े मेट्रो नेटवर्क वाले शहरों में शामिल
मुंबई मेट्रो का तेजी से विस्तार शहर के करोड़ों यात्रियों के लिए राहत लेकर आ रहा है। नई लाइनों के शुरू होने से सड़क और लोकल ट्रेन नेटवर्क पर दबाव कम होगा, यात्रा का समय घटेगा और मुंबई महानगर क्षेत्र के दूर-दराज इलाकों की कनेक्टिविटी पहले से कहीं बेहतर हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications