भारत के खिलाफ लगातार हार से बौखलाया पाकिस्तान, अब अंपायरिंग और ड्रेसिंग रूम को लेकर किया बेतुका दावा
क्रिकेट के मैदान पर जब भी भारत और पाकिस्तान (India vs Pakistan) की टीमें आमने-सामने होती हैं, तो रोमांच चरम पर होता है। लेकिन पिछले कुछ समय से टीम इंडिया ने पाकिस्तान पर जो एकतरफा दबदबा बनाया है, उसने पड़ोसी देश के खिलाड़ियों को पूरी तरह बौखला दिया है। इस बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पाकिस्तानी टीम के ऑलराउंडर खुशदिल शाह ने एक बेहद चौंकाने वाला और बेतुका आरोप लगाया है।
खुशदिल शाह का दावा है कि भारत-पाकिस्तान मैचों के दौरान अंपायरिंग के फैसले और यहां तक कि ड्रेसिंग रूम से जुड़े फैसले भी अक्सर भारत के पक्ष में ही जाते हैं। आइए जानतें हैं पाकिस्तानी क्रिकेटर के इस बेतुके बयान पर क्रिकेट फैंस ने किस तरह उनकी क्लास लगाई है।

अंपायरिंग और ड्रेसिंग रूम के फैसलों को बताया पक्षपातपूर्ण
एक पॉडकास्ट (ARY Podcast) के दौरान जब खुशदिल शाह से उनके साथी खिलाड़ी अब्बास अफरीदी की मौजूदगी में भारत-पाक मैच के दबाव को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने अपनी भड़ास निकाल दी। खुशदिल शाह ने मैच के अहम पहलुओं पर बात करते हुए टीम इंडिया को मिलने वाले कथित फायदे का रोना रोया।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, 'भारत के खिलाफ मैचों में कुछ अतिरिक्त भावनाएं जुड़ी होती हैं। जब हम खेलते थे, तब हम उन्हें हराते भी थे। लेकिन अब मैचों के दौरान चीजें उनके पक्ष में जाती दिखती हैं। अंपायरिंग के फैसले उनके पक्ष में जाते हैं, कुछ ड्रेसिंग रूम के फैसले भी उनके हक में होते हैं, और यहां तक कि मैच भी उनकी मर्जी के मुताबिक आयोजित किए जाते हैं।'
सोशल मीडिया पर फैंस ने लगाई क्लास
पाकिस्तानी ऑलराउंडर का यह बयान आते ही सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया है। भारतीय क्रिकेट फैंस के साथ-साथ खुद पाकिस्तानी फैंस ने भी खुशदिल शाह को आड़े हाथों लिया है। सोशल मीडिया यूजर्स ने खुशदिल को आईना दिखाते हुए हाल के दिनों में टीम इंडिया के शानदार प्रदर्शन और मैदान पर उसके दबदबे की याद दिलाई।
फैंस का कहना है कि अपनी टीम की नाकामी और खराब खेल को छुपाने के लिए पाकिस्तानी खिलाड़ी अब अंपायरिंग और फिक्सिंग जैसे बेतुके बहानों का सहारा ले रहे हैं।
मैदान पर टीम इंडिया का एकतरफा दबदबा
खुशदिल शाह के ये आरोप इसलिए भी बेबुनियाद लगते हैं क्योंकि भारत ने हाल के दिनों में पाकिस्तान को हर मोर्चे पर चारों खाने चित किया है। भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ अपने पिछले लगातार 5 मुकाबलों में एकतरफा जीत दर्ज की है। वनडे क्रिकेट की बात करें तो पाकिस्तान ने भारत को आखिरी बार साल 2017 की चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में हराया था, जिसके बाद से वह तरस रहा है।
एशिया कप से लेकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 तक
पिछले डेढ़ साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो भारतीय टीम ने पाकिस्तान की कमर तोड़कर रख दी है। टीम इंडिया ने एशिया कप में पाकिस्तान को लगातार तीन बार धूल चटाई, जिसमें एशिया कप का फाइनल भी शामिल था जहां भारत चैंपियन बना था। इसके अलावा, इसी साल आयोजित हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के महामुकाबले में भी भारतीय टीम ने पाकिस्तान को बुरी तरह पटखनी दी थी। इसी करारी और लगातार मिल रही हार के दर्द ने अब पाकिस्तानी क्रिकेटरों को इस कदर हताश कर दिया है कि वे ऑन-कैमरा ऐसे बेतुके बयान देने पर मजबूर हो रहे हैं।















Click it and Unblock the Notifications