जल्दी कम हो सकती है पेट्रोल की क़ीमतें

पिछले कुछ हफ्तों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की कम होती क़ीमतों के बाद देश में पेट्रोल की क़ीमतें कम होने के कयास लगाए जा रहे थे और मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष ने यहके संकेत दिए हैं.
उत्तर प्रदेश में एक रेल कोच फैक्ट्री की आधारशिला रखने के बाद आम लोगों को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा, '' हाल में पेट्रोलियम पदार्थों की क़ीमतों में कमी आई है और मुझे आशा है कि आने वाले दिनों में इसमें और कमी हो सकेगी.''
उनका कहना था, '' मैं बेहिचक यह कह सकती हूं कि केंद्र की यूपीए सरकार ने पिछले पांच साल में जो हासिल किया है वो कोई और सरकार नहीं कर सकी है. जब पूरी दुनिया मंदी का सामना कर रही है तो इसका असर भारत पर भी पड़ना निश्चित था लेकिन सरकार इसे लेकर बिल्कुल सतर्क थी और ज़रुरी उपाय किए गए.''
सोनिया गांधी का कहना था कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व में किया गया कार्य दर्शाता है कि सरकार विकास को लेकर प्रतिबद्ध है.
उनका कहना था कि छोटे उद्योगों, कृषि और ग्रामीण विकास के साथ साथ आधारभूत ढांचों के लिए रिण में कोई कमी नहीं की गई है.
कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार की सफलताएं गिनाईं और कहा कि आने वाले दिनों में रायबरेली और अमेठी में विकास के और कार्य किए जाएंगे.
उल्लेखनीय है कि इसी क्षेत्र में रेल कोच फैक्ट्री की आधारशिला रखी गई है.












Click it and Unblock the Notifications