'मुलईतिवु पर श्रीलंकाई सेना का क़ब्ज़ा'

श्रीलंका टीवी पर बोलते हुए लेफ़्टिनेंट जनरल सरथ फॉनसेक ने कहा कि एक महीने से चल रही लड़ाई के बाद सेना ने पूरी तरह से मुलईतिवु पर क़ब्ज़ा कर लिया है.
तमिल विद्रोहियों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है जिन्हें पिछले कुछ महीनों में बड़े झटके लगे हैं.
श्रीलंका सरकार ने कहा है कि वो विद्रोहियों का सफ़ाया कर देगी. तमिल विद्रोही पिछले 25 वर्षों से अलग राष्ट्र की माँग करते आए हैं. इस दौरान हुई हिंसा में अब तक करीब 70 हज़ार लोग मारे जा चुके हैं.
एप के मुताबिक मुलईतिवु पर क़ब्ज़े के बारे में बताते हुए लेफ़्टिनेंट जनरल सरथ ने कहा है कि इस इलाक़े में जीत के बाद अब विद्रोहियों के ख़िलाफ़ 95 फ़ीसदी अभियान पूरा हो गया है.
इससे पहले सरकारी प्रवक्ता ने बताया था कि 59वीं डिविज़न कै सैनिक मुलईतिवु में प्रवेश कर गए हैं और इस पर क़ब्ज़ा करने में देर नहीं लगेगी.
पत्रकारों को इस इलाक़े में जाने की अनुमति नहीं है. इसलिए ख़बरों की स्वतंत्र सूत्रों से पुष्टि नहीं हो पाई है.
बीबीसी संवाददाता के मुताबिक विद्रोहियों के कब्ज़े वाले आख़िरी इलाक़े के हाथ से जाने के बाद विद्रोहियों के पास से सैन्य अड्डा छिन जाएगा.
इसके पहले सरकार ने विद्रोहियों की तथाकथित राजधानी माने जानेवाले किलिनोची शहर पर भी कब्ज़ा कर लिया था.
वर्ष 2000 के बाद श्रीलंका सरकार का पहली बार पूरे जाफ़ना प्रायद्वीप पर नियंत्रण कायम हो गया है जिसे तमिल विद्रोहियों के लिए बड़ा धक्का माना जा रहा है.












Click it and Unblock the Notifications