आई-लीग : विदेशी खिलाड़ियों का स्थानापन्न रख सकेंगे क्लब
नई दिल्ली, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) ने आई-लीग के दौरान क्लबों को अपने घायल विदेशी खिलाड़ियों के बदले किसी अन्य खिलाड़ी को टीम में रखने की छूट दे दी है।
आई-लीग में खेलने वाले क्लबों के साथ रविवार को हुई बैठक के बाद एआईएफएफ ने यह फैसला किया। क्लबों ने महासंघ से लीग के दौरान विदेशी खिलाड़ियों को बदलने की छूट की मांग की थी।
आई-लीग का दूसरा संस्करण इस महीने की 26 तारीख से खेला जाएगा। पिछले संस्करण के दौरान क्लबों को विदेशी खिलाड़ियों के चोटिल होने के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।
महासंघ का मानना है कि नए नियम के कारण क्लबों को लीग के दौरान खराब खेल रहे विदेशी खिलाड़ियों से निजात पाने का मौका मिल जाएगा।
महासंघ ने हालांकि कहा है कि चोटिल विदेशी खिलाड़ी के बदले किसी अन्य खिलाड़ी को टीम में शामिल करने से पहले क्लबों को चोटिल खिलाड़ी की चिकित्सकीय जांच करानी होगी, जो कि महासंघ द्वारा नियुक्त चिकित्सक ही करेंगे।
खिलाड़ियों के हितों की रक्षा करते हुए महासंघ ने क्लबों से कहा कि उन्हें लीग के दौरान चोटिल खिलाड़ियों को टीम से हटाने का हक होगा, लेकिन उनका करार नहीं खत्म किया जा सकता।
इस वर्ष महासंघ ने आई-लीग की चार टीमों को पुरस्कृत करने का फैसला किया है। पिछले साल सिर्फ तीन टीमों को पुरस्कृत किया गया था।
आई-लीग जीतने वाली टीम को इस साल 50 लाख रुपये मिलेंगे, जबकि उपविजेता को 28 लाख और तीसरे स्थान पर आने वाली टीम को 20 लाख रुपये दिए जाएंगे। चौथा स्थान पाने वाली टीम को 10 लाख रुपये मिलेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications