IPL प्लेऑफ़ की असली फिसड्डी टीम कौन? सिर्फ 2 मैचों में खेलने का मिला मौका, किन टीमों का है दबदबा
IPL 2016: आईपीएल के मैदान पर लीग मैच जीतना एक बात है, लेकिन प्लेऑफ़ के दबाव को झेलना बिल्कुल अलग है। 19 सालों के इस सफर में कुछ टीमों ने नॉकआउट मैचों को अपनी जागीर बना लिया है, तो कुछ आज भी इन बड़े मैचों के लिए तरस रही हैं।
आइए जानते हैं कि प्लेऑफ़ की दुनिया में कौन बादशाह है और कौन सबसे पीछे। कुछ टीमें ऐसी हैं, जो इतने सालों के बाद भी प्लेऑफ़ में जाकर संघर्ष करती दिखाई दी हैं। पूरा लेखा-जोखा आप इस आर्टिकल में देख सकते हैं।

चेन्नई-मुंबई का जलवा
जब बात आंकड़ों की आती है, तो चेन्नई सुपर किंग्स के आसपास भी कोई नजर नहीं आता। CSK ने अब तक सबसे ज्यादा 26 प्लेऑफ़ मैच खेले हैं। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने इसमें से 17 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जो उनकी बादशाहत को साबित करता है। वहीं मुंबई इंडियंस इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर है। मुंबई ने 22 मैच खेले और 14 में जीत हासिल की। ये दो टीमें दिखाती हैं कि बड़े मैचों को कैसे जीता जाता है।
RCB का दर्द और KKR की बल्ले-बल्ले
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का नाम सुनकर उनके फैंस की धड़कनें बढ़ जाती हैं। RCB ने 17 प्लेऑफ़ मैच तो खेले, लेकिन जीत सिर्फ 7 में मिली और 10 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके विपरीत, कोलकाता नाइट राइडर्स का रिकॉर्ड काफी बेहतर है। KKR ने 15 मैचों में से 10 में जीत हासिल कर अपनी छवि बरकरार रखी है। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद 14 मैचों में 6 जीत के साथ संघर्ष करती दिखती है।
सबसे कम प्लेऑफ़ का अनुभव
हैरानी की बात तब होती है जब हम लिस्ट के निचले हिस्से को देखते हैं। पंजाब किंग्स आईपीएल की सबसे पुरानी टीमों में से एक है, लेकिन उनका प्लेऑफ़ रिकॉर्ड काफी फीका है। पंजाब ने अब तक केवल 7 प्लेऑफ़ मैच खेले हैं।
वहीं कुछ टीमें ऐसी भी रहीं जिनका सफर छोटा रहा या कुछ ही सीजन इवेंट का हिस्सा रही। डेक्कन चार्जर्स ने अपने समय में 3 प्लेऑफ़ मैच खेले, जबकि गुजरात लायंस, लखनऊ सुपर जायंट्स और राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के खाते में सिर्फ 2-2 प्लेऑफ़ मुकाबले ही आए हैं। गुजरात टाइटंस ने कम समय में अच्छी प्रगति की है और वे 6 मैचों तक पहुंच चुके हैं।
रोचक है इस बार की रेस
इस बार की रेस भी बड़ी दिलचस्प रहने वाली हैं। मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स बाहर हो गई हैं लेकिन बाकी टीमों के पास खुद को टॉप चार में लेकर जाने का पूरा मौका नजर आ रहा है। लीग चरण के अंत में आईपीएल 2026 रोमांचक हो चला है।












Click it and Unblock the Notifications