जाली नोट प्रकरण : आरबीआई जांच दल ने की बैंक कर्मियों से पूछताछ (लीड-1)
डुमरियागंज, 14 सितंबर(आईएएनएस)। उत्तरप्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में स्थित भारतीय स्टेट बैंक(एसबीआई) की डुमरियागंज शाखा से 3 करोड़ रुपये से ज्यादा के जाली नोट की बरामदगी के बाद भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की जांच टीम ने बैंक के कुछ दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं और बैंक कर्मचारियों से पूछताछ की है।
उधर, डुमरियागंज के तत्कालीन थाना-प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह की बर्खास्तगी पर शनिवार को इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने स्थगन का आदेश दिया है। इसी प्रकरण में शमशेर बहादुर सिंह को उनके पद से हटा दिया गया था। सिद्धार्थनगर के पुलिस अधीक्षक राकेश शंकर ने आईएएनएस को बताया कि विभाग को न्यायायल का आदेश मिला गया है और इस पर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
उत्तरप्रदेश सरकार ने इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो(सीबीआई) से कराने की सिफारिश पिछले महीने ही कर दी थी लेकिन सीबीआई की तरफ से अभी तक स्वीकृति नहीं मिली है।
उल्लेखनीय है 29 जुलाई को नकली नोटों के तस्कर आबिद शेख उर्फ पंडित और डुमरियागंज एसबीआई शाखा के प्रबंधक सुधाकर त्रिपाठी की गिरफ्तारी के बाद नकली नोट का यह मामला सामने आया था और बैंक के करेंसी चेस्ट से 3 करोड़ रुपये से ज्यादा के जाली नोट बरामद किए गये थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications