मंत्री रहते बताया देशद्रोही, अब बागेश्वर से गुहार लगा रहे तेज प्रताप, बोले- 'बाबा हमारा राजनीति देख लीजिएगा'
Bihar News: हाल ही में छतरपुर के बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और बिहार के नेता तेज प्रताप यादव के बीच हुई एक वीडियो कॉल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस बातचीत ने लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया है। वीडियो में तेज प्रताप यादव अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर सवाल पूछते नजर आ रहे हैं, जिसकी वजह से चर्चा और तेज हो गई है।
वीडियो में गुहार लगाते दिखे तेज प्रताप यादव
वायरल क्लिप में तेज प्रताप यादव काफी उत्साहित दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बागेश्वर महाराज से अपने राजनीतिक करियर को लेकर पूछा, "बाबा, मेरा राजनीतिक देख लीजिएगा।" इस एक लाइन ने सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है। लोग इस सवाल को आने वाले चुनावों और उनके राजनीतिक भविष्य से जोड़कर देख रहे हैं। दरअसल वे 2025 का विधानसभा चुनाव हार चुके हैं और अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर चिंतित दिखाई दे रहे हैं।

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने क्या जवाब दिया?
तेज प्रताप यादव के सवाल पर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री मुस्कुराते हुए नजर आए। उन्होंने जवाब दिया कि इस तरह के महत्वपूर्ण विषय पर आमने-सामने बैठकर विस्तार से बात करना ज्यादा सही रहेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि मुलाकात होने पर इस मुद्दे पर खुलकर चर्चा की जाएगी। जिसके बाद तेज प्रताप मुलाकात के लिए तुरंत राजी हो गए। ये बातचीत छोटी थी लेकिन इसके मायने गहरे हैं।
कभी धीरेंद्र शास्त्री को दी थी चेतावनी
साल 2023 में 13 से लेकर 17 मई तक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का पटना में कथा आयोजन था। तब तेज प्रताप यादव बिहार सरकार में मंत्री थे। इस दौरान उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा था कि "वे बिहार आ रहे हैं स्वागत है, लेकिन अगर हिन्दु-मुस्लिम करेंगे तो उन्हें जाना पड़ेगा।" तेज प्रताप ने ये तक कह दिया था कि "हम उनका पटना एयरपोर्ट पर घेराव करेंगे और उन्हें वहीं से वापस लौटना होगा"। इसके बाद 16 मई को तेज प्रताप ने एक बार फिर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर कहा कि "हम किसी बाबा आबा टाबा को नहीं जानते"। इसके अलावा एक मौके पर तेज प्रताप ने ये भी कहा था कि "वह हमसे माफी मांग रहा है। बाबा बागेश्वर डरपोक है- देशद्रोही है"। हालांकि अब वे उन्हीं से गुहार लगा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर बंटी लोगों की राय
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे सामान्य बातचीत बता रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स इसे धर्म और राजनीति के मेल के तौर पर देख रहे हैं। कई लोगों ने मजेदार मीम्स भी शेयर किए हैं।
वीडियो की अभी तक नहीं हुई पुष्टि
गौर करने वाली बात यह है कि इस वायरल वीडियो की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। न तो धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तरफ से कोई बयान आया है और न ही तेज प्रताप यादव ने इस पर कुछ कहा है। इसी वजह से वीडियो कब का है, किस संदर्भ में बना और कैसे सामने आया, यह साफ नहीं हो पाया है। वनइंडिया भी इसकी पुष्टि नहीं करता है। हमने इस बारे में तेज प्रताप यादव को कॉल कर उनसे जानने की कोशिश की लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अगर जवाब आता है तो उसे भी शामिल किया जाएगा।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications