कोर्ट मार्शल के बाद मेजर जनरल बर्खास्त
चंडीगढ़, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। सेना के एक मेजर जनरल को कोर्ट मार्शल के बाद बर्खास्त कर दिया गया है।
जम्मू कश्मीर में तैनात मेजर जनरल ए. के. लाल को एक युवा महिला अधिकारी के साथ छेड़खानी के आरोप में जनरल कोर्ट मार्शल (जीसीएम) का सामना करना पड़ा। पंजाब के भटिंडा सैन्य केंद्र में शनिवार को लाल के विरूद्ध कार्रवाई पर फैसला लिया गया।
जीसीएम की कार्रवाई की अध्यक्षता लेफ्टिनेंट जनरल आर. एस. सुजलाना ने किया था। जीसीएफ के फैसले को अंतिम रूप सैन्य प्रमुख देंगे। माना जा रहा है कि जीसीएम की सिफारिश अगले हफ्ते नई दिल्ली स्थित सैन्य मुख्यालय पहुंच जाएगी।
पिछले वर्ष सितंबर में लाल पर महिला अधिकारी के साथ छेड़खानी करने का आरोप लगा था। कैप्टन नेहा रावत ने लाल पर आरोप लगाया था कि उन्होंने ध्यान कक्षा के लिए उन्हें लेह स्थित अपने आवास पर बुलाया था, जहां उनके साथ छेड़खानी करने का प्रयास किया था।
लाल की पत्नी और बेटी ने नेहा के आरोपों को निराधार बताया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।