दिल्ली विस्फोट : प्रधानमंत्री ने की घायलों से मुलाकात
नई दिल्ली, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने रविवार को राम मनोहर लोहिया अस्पताल जाकर शनिवार को हुए सिलसिलेवार धमाकों में घायल हो गए लोगों से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, गृह सचिव मधुकर गुप्ता और दिल्ली के पुलिस आयुक्त वाई. एस. डडवाल के साथ अस्पताल पहुंचे प्रधानमंत्री ने वहां 10 मिनट बिताए। अस्पताल में 29 लोग भर्ती हैं और उनमें चार लोगों की हालत गंभीर है।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री ने घायलों के परिजनों से बातचीत की। शनिवार शाम हुए पांच सिलसिलेवार धमाकों के बाद 69 लोगों को यहां लाया गया था जिनमें से आठ को मृत घोषित कर दिया गया था जबकि 31 की प्राथमिक चिकित्सा के बाद छुट्टी कर दी गई। एक अन्य व्यक्ति की शनिवार की रात मौत हो गई।
इससे पहले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की प्रमुख सोनिया गांधी ने शनिवार की रात ही अस्पताल का दौरा किया था। धमाकों से मरने वालों की संख्या अब तक 23 हो चुकी है जबकि 100 से अधिक लोग घायल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications